नई दिल्ली: भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती के अवसर पर मंगलवार को संसद परिसर स्थित ‘प्रेरणा स्थल’ पर श्रद्धांजलि समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू सहित कई शीर्ष नेताओं ने बाबा साहेब को श्रद्धांजलि अर्पित की। समारोह में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे सहित विपक्ष के कई नेता भी मौजूद रहे।
इस मौके पर सभी नेताओं ने डॉ. अंबेडकर के योगदान को याद किया और संविधान निर्माण में उनकी भूमिका को ऐतिहासिक बताया। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के बीच हल्के-फुल्के अंदाज में बातचीत भी देखने को मिली, जिसने राजनीतिक माहौल के बीच सौहार्द का संदेश दिया।
प्रधानमंत्री मोदी ने दी श्रद्धांजलि
प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर डॉ. अंबेडकर को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने लिखा कि बाबा साहेब के राष्ट्र निर्माण में किए गए प्रयास अत्यंत प्रेरणादायक हैं और उनका जीवन व कार्य आने वाली पीढ़ियों को एक न्यायपूर्ण और प्रगतिशील समाज बनाने की प्रेरणा देता है।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भी अंबेडकर जयंती की पूर्व संध्या पर देशवासियों को शुभकामनाएं दीं और संविधान निर्माता को नमन किया। अंबेडकर जयंती के अवसर पर देशभर में विभिन्न स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित किए गए, जहां सामाजिक न्याय, समानता और संविधान में उनके योगदान को याद किया गया।
