नई दिल्ली. लोकसभा में आज विपक्षी दलों ने कई मुद्दों पर जोरदार हंगामा किया, जिनमें विभिन्न राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में मतदाता सूची की Special Intensive Revision (SIR) को लेकर सबसे ज्यादा विरोध देखा गया। बढ़ते शोर-शराबे और नारेबाजी के बीच लोकसभा की कार्यवाही दिनभर के लिए स्थगित कर दी गई।
विपक्ष के शोर के बीच पास हुआ मणिपुर GST संशोधन बिल
दोपहर 2 बजे दोबारा कार्यवाही शुरू होने पर वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने मणिपुर गुड्स एंड सर्विसेज टैक्स (द्वितीय संशोधन) विधेयक, 2025 पेश किया। हंगामे के बावजूद यह बिल वॉयस वोट के जरिए पास कर दिया गया। इस विधेयक का उद्देश्य मणिपुर GST अधिनियम, 2017 में संशोधन करना है।
12 बजे की कार्यवाही में भी जोरदार विरोध
पहले स्थगन के बाद जब सदन दोपहर 12 बजे बैठा, विपक्ष ने फिर से SIR और अन्य मुद्दों पर नारेबाजी शुरू की और वेल में आ गया। इसी दौरान वित्त मंत्री सीतारमण ने दो अहम विधेयक पेश किए Central Excise (Amendment) Bill 2025 – तंबाकू उत्पादों पर एक्साइज ड्यूटी लगाने के लिए
Health Security and National Security Cess Bill 2025 – पान मसाला सहित निर्दिष्ट उत्पादों पर उपकर लगाने के लिए
समिति रिपोर्ट जमा करने की समयसीमा बढ़ी
सदन ने दो महत्वपूर्ण समितियों की रिपोर्ट प्रस्तुत करने की समयसीमा भी बढ़ाई:
Jan Vishwas (Amendment of Provisions) Bill, 2025 की रिपोर्ट अब शीतकालीन सत्र के दूसरे सप्ताह तक
Insolvency and Bankruptcy Code (Amendment) Bill, 2025 की रिपोर्ट पूरे सत्र की समाप्ति तक
सुबह की कार्यवाही: श्रद्धांजलि और खेल उपलब्धियों का सम्मान
सुबह 11 बजे सदन की शुरुआत में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला ने पूर्व सांसदों—धर्मेंद्र, कर्नल (रि.) सोना राम चौधरी, प्रो. विजय मल्होत्रा और रवि नाइक—को श्रद्धांजलि दी।
इसके बाद सदन ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतरीन प्रदर्शन के लिए भारतीय खिलाड़ियों को बधाई दी, जिनमें शामिल हैं:
भारत की महिला क्रिकेट टीम – ICC Women’s World Cup 2025 विजेता
महिला T20 ब्लाइंड क्रिकेट विश्व कप विजेता
महिला कबड्डी टीम – विश्व कप विजेता
डेफलिम्पिक्स में 20 पदक जीतने वाले भारतीय खिलाड़ी
स्पीकर की नाराजगी, विपक्ष नहीं माना
प्रश्नकाल शुरू होते ही कांग्रेस, DMK, TMC, समाजवादी पार्टी सहित विपक्षी दलों ने नारेबाजी तेज कर दी।
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला ने इस व्यवहार पर नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि सदन की कार्यवाही बाधित करना उचित नहीं है।
लेकिन विरोध जारी रहने पर सदन पहले 12 बजे और फिर दिनभर के लिए स्थगित कर दिया गया।
