नई दिल्ली: देश के कई राज्यों में मानसून पूरी तरह सक्रिय हो गया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर भारत के कई राज्यों में भारी बारिश की संभावना जताते हुए अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली में शुक्रवार को दिनभर बादल छाए रहें और कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं, नोएडा, गाजियाबाद और बुलंदशहर के लिए Orange Alert जारी किया गया है, जहां कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना है।
दिल्ली-एनसीआर में जारी रहेगा बारिश का दौर
आईएमडी के अनुसार, पिछले तीन दिनों से दिल्ली-एनसीआर में हो रही बारिश फिलहाल जारी रह सकती है। हालांकि दिल्ली में बहुत भारी बारिश की संभावना कम है, लेकिन आसपास के शहरों में तेज बारिश से जलभराव और ट्रैफिक प्रभावित हो सकता है। लोगों को जरूरत पड़ने पर ही घर से बाहर निकलने की सलाह दी गई है।
उत्तर प्रदेश के कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट
उत्तर प्रदेश मौसम केंद्र ने अगले कुछ घंटों में कई जिलों में गरज-चमक, बिजली गिरने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने के साथ मध्यम से भारी बारिश का अनुमान जताया है। जौनपुर, प्रतापगढ़, फतेहपुर, रायबरेली, अमेठी, कानपुर नगर, आजमगढ़, सुल्तानपुर, अंबेडकर नगर, अयोध्या, बस्ती, कानपुर देहात, उन्नाव, लखनऊ, बाराबंकी, गोंडा, अमरोहा, मेरठ, बागपत, बिजनौर, मुजफ्फरनगर, शामली और सहारनपुर सहित कई जिलों के लिए Orange Alert जारी किया गया है।
इन इलाकों में हो चुकी है भारी बारिश
मौसम विभाग के अनुसार नोएडा, गाजियाबाद, हापुड़, बुलंदशहर, बागपत और मुजफ्फरनगर में पहले ही अच्छी बारिश दर्ज की जा चुकी है। वहीं गोरखपुर, बस्ती, मिर्जापुर, वाराणसी और प्रयागराज समेत पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में भी बारिश का सिलसिला जारी है। कानपुर, लखनऊ और उन्नाव में भी अगले कुछ दिनों तक बारिश होने की संभावना है।
कई राज्यों में बारिश का अलर्ट
आईएमडी ने बताया है कि पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, राजस्थान, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, मध्य प्रदेश, बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल में भी अगले कुछ दिनों तक बारिश का दौर जारी रह सकता है। उत्तराखंड के उत्तरकाशी, चमोली, पिथौरागढ़, देहरादून और हल्द्वानी में कहीं-कहीं भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है।
मध्य और पूर्वी भारत में भी सक्रिय रहेगा मानसून
मौसम विभाग के अनुसार मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र के विदर्भ क्षेत्र, बिहार और झारखंड में भी अगले कुछ दिनों तक अच्छी बारिश की संभावना बनी हुई है। कई स्थानों पर गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने का भी अनुमान है।
पूरे देश में पहुंच चुका है मानसून
आईएमडी ने बताया कि दक्षिण-पश्चिम मानसून अब देश के सभी हिस्सों में पहुंच चुका है। उत्तर प्रदेश और आसपास बने कम दबाव (Low Pressure Area) के कारण उत्तर भारत के कई राज्यों में भारी बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

