कुल्लू. बुजुर्गों का होश और नौजवानों का जोश ही देश व प्रदेश को आगे बढ़ा सकता है. इसलिए बुजुर्ग अपना होश व नौजवान युवा वर्ग अपना जोश न खोएं और देश की उन्नति में चार चांद लगाने के लिए अपना पूरा सहयोग करें. यह बात प्रदेश के मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने यहां कुल्लू के बंजार विधानसभा क्षेत्र में चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए कही.
देश जरूर तरक्की करेगा
उन्होंने कहा कि बंजार से कांग्रेस के प्रत्याशी आदित्य विक्रम सिंह युवा हैं. जिस देश व प्रदेश की बागडोर युवाओं के पास होगी वह देश जरूर तरक्की करेगा. उन्होंने बंजार की जनता से आदित्य विक्रम सिंह के पक्ष में मतदान करने की बात करते हुए कहा कि आदित्य विक्रम सिंह अपने पिता स्व. कर्ण सिंह की परछाई हैं. जिस तरह कर्ण सिंह ने अपने विधानसभा क्षेत्र में जनता के कार्य किए हैं. उसी तरह आदित्य विक्रम सिंह भी इस क्षेत्र का विकास करेंगे इसलिए कांग्रेस प्रत्याशी को वोट दें.
‘अपने कार्यकाल में अद्भुत विकास कार्य किए’
वहीं, उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने अपने कार्यकाल में अद्भुत विकास कार्य किए हैं. कांग्रेस सरकार ने जहां स्वास्थ्य के क्षेत्र में नए आयाम छुए हैं वहीं, शिक्षा के क्षेत्र में भी हिमाचल सबसे आगे है. कांग्रेस के कार्यकाल में प्रदेश हर दिशा में आगे बढ़ा है.
मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने आगे कहा कि कुल्लू एक हार है और बंजार विधानसभा क्षेत्र उस हार का हीरा है. इसलिए इस हीरे की हिफाज़त आदित्य विक्रम सिंह बहुत अच्छे से करेंगे.
