सिरमौर (शिलाई). उपमंडल शिलाई में पीने के पानी की समस्या लगातार विकराल रूप ले रही है. लेकिन कोई भी जनप्रतिनिधि व अधिकारी इस समस्या की तरफ ध्यान नहीं दे रहा है. लम्बे समय से चल रही इस समस्या से निजात न मिलने के कारण लोग बरसात में भी खड्ड का पानी पीने को मजबूर हैं. ऐसा नहीं है कि किसी अधिकारी व जनप्रतिनिधि को समस्या के बारे मे मालूम नहीं है लेकिन समस्या को जानते हुए भी कोई उचित कदम नहीं उठा रहे है जिससे लोगो मे भारी रोष व्याप्त है.
पूरा मामला
शिलाई बाजार मे पिछले 20 दिनों से पेयजल आपूर्ति नहीं हो रही है. कई बार स्थानीय लोगों ने विभाग से इस बात की शिकायत की है. फिर भी समस्या का समाधान नहीं किया जा रहा है. बाजार मे समस्या इतना विकराल रूप ले चुकी है की पानी के टैंकरों के लिए भी ३ दिन पहले बुकिंग करवानी पड़ती है. तुरंत ऑर्डर दिया जाए तो पानी नहीं मिलेगा.
उल्लेखनीय है कि शिलाई सहित लगभग 20 अन्य गांवों के लिए नेडा खड्ड उठाऊ पेयजल योजना ही पानी की सप्लाई देती है. यह योजना 1987 में स्वीकृत हुई थी तब मात्र 500 परिवारों के लिए यह योजना बनाई गई थी. आज यही योजना शिलाई बाजार सहित अन्य गावों को मिलाकर 30 हजार परिवारों को पानी पिला रही है. तेजी से बढ़ते इस बाजार मे वोटर भले ही 100 गुना से भी ज्यादा हो गए हो लेकिन किसी नेता अथवा अधिकारी ने यह नहीं सोचा की बगैर पानी के यह शहर केसे बसेगा.
नेडा खड्ड पेयजल योजना बीच-बीच में दम तोड़ती रहती है. फिर महीना भर इसके दोबारा साँस लेने की उमीद कम ही होती है. ऐसे मे जनप्रितिधियों व प्रशासनिक अधिकारियों की कार्य प्रणाली पर कई सवाल खड़े हो रहे हैं. जिनके पास पैसे नहीं है वह लोग खड्ड से पानी ला रहे है ऐसे में जलजनित रोगों के फैलने का डर बना हुआ है. वहीं हर माह बाजार से लाखों रुपये की चपत लोगों को लग रही है. पानी का बिल अलग देना पड़ता है. टैंकरों से भी पानी 4-6 दिनों में मिल रहा है.
क्या कहते हैं अधिकारी
सिंचाई एवं स्वास्थ्य विभाग के सहायक अभियंता नितिन चिनोरी ने बताया की शिलाई मे पानी की समस्या काफी समय से चल रही है. उठाऊ पेयजल योजना काफी पुरानी है इसलिए अधिकांश समय रिपेयर ही होती रहती है. पुरानी लाइन होने के कारण जगह-जगह से टूटी हुई है. पानी का प्रेशर थोड़ा ज्यादा होते ही टूट जाती है.
फिर भी विभाग कोशिश कर रहा है की लोगों को ज्यादा से ज्यादा पानी दिया जाये. उन्होंने बताया की समस्या को हल किया गया है. जल्द हो बाजार मे पानी की सप्लाई बहाल कर दी जाएगी. जिस योजना को शिलाई के लिए बनाया जा रहा है, उसमे अभी कई साल लग सकते है. तब तक ऐसे ही गुजरा कारण पडेगा यदि किसी कॉलोनी मे ज्यादा समस्या आती है तो उनको शिकायत करेनी चाहिये जल्द ही उनकी शिकायत का समाधान किया जाएगा.
