नई दिल्ली. भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद नितिन नवीन तथा राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शुक्रवार को जयपुर के अल्बर्ट हॉल में ‘विकसित भारत जन सेवा अभियान’ के तहत आयोजित स्वच्छता कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इस दौरान नितिन नवीन ने मौजूद लोगों को ‘स्वच्छता ही सेवा’ की शपथ दिलाई। इसके बाद दोनों नेताओं ने स्वच्छता मित्रों का सम्मान किया और उनसे बातचीत की। कार्यक्रम में पौधारोपण भी किया गया। राजस्थान मुख्यमंत्री कार्यालय के अनुसार, स्वच्छता और हरियाली को जनभागीदारी के जरिए आगे बढ़ाने पर जोर दिया गया।
स्वच्छता मित्रों का सम्मान, पौधारोपण से दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए बताया कि कार्यक्रम में स्वच्छता मित्रों का सम्मान किया गया और ‘एक पेड़ मां के नाम’ तथा ‘हरियालो राजस्थान’ अभियान के तहत पौधे लगाए गए। उन्होंने स्वच्छता और हरियाली को जन आंदोलन बनाने की अपील की। कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी और डॉ. प्रेमचंद बैरवा समेत कई मंत्री, सांसद, विधायक, अधिकारी और नागरिक मौजूद रहे।
पंचायत चुनाव की तैयारियों पर भी बढ़ा फोकस
राजस्थान में नगर निकाय चुनाव के बाद अब राजनीतिक दलों का ध्यान पंचायती राज चुनाव की तैयारियों पर है। नितिन नवीन के जयपुर दौरे को भी इसी क्रम में देखा जा रहा है। शुक्रवार को उन्होंने पार्टी के निर्वाचित जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर आगामी पंचायती राज चुनाव की तैयारियों पर चर्चा की। रिपोर्ट के मुताबिक, बैठक में संगठनात्मक समन्वय और चुनावी रणनीति से जुड़े मुद्दों पर बातचीत हुई।
पंचायत चुनाव को लेकर राजस्थान में आरक्षण की प्रक्रिया भी आगे बढ़ रही है। 23 और 24 सितंबर को प्रदेश के 41 जिलों में जिला परिषद और पंचायत स्तर पर अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग और महिलाओं के लिए आरक्षित सीटों के निर्धारण की लॉटरी प्रक्रिया कराई गई। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में आगामी चुनावी प्रक्रिया को आगे बढ़ाने का रास्ता साफ हुआ है।
दादिया से 90 प्रचार रथों को रवाना करने का कार्यक्रम
नितिन नवीन के जयपुर कार्यक्रम में दादिया में आयोजित सेवा संकल्प समारोह भी शामिल है। यहां से 90 प्रचार रथों को रवाना करने का कार्यक्रम रखा गया है। ये रथ प्रदेश के ग्रामीण क्षेत्रों और पंचायतों तक पहुंचकर केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं तथा विकास कार्यों की जानकारी लोगों तक पहुंचाने के लिए इस्तेमाल किए जाएंगे। इसे भाजपा की पंचायती राज चुनाव की तैयारियों से भी जोड़ा जा रहा है।
सेवा संकल्प समारोह की तैयारियों का भजनलाल शर्मा ने लिया जायजा
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने गुरुवार रात जयपुर के डाडिया पहुंचकर ‘सेवा संकल्प समारोह’ की तैयारियों का निरीक्षण किया था। उन्होंने कार्यक्रम स्थल पर बैठने, पेयजल, चिकित्सा, बिजली, पार्किंग, यातायात, सुरक्षा, बैरिकेडिंग, संकेतक और साफ-सफाई जैसी व्यवस्थाओं की जानकारी ली। कार्यक्रम पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती के अवसर पर आयोजित किया जा रहा है।
इसके बाद नितिन नवीन और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के बिरला ऑडिटोरियम में युवा संवाद कार्यक्रम में शामिल होने का कार्यक्रम है। इस पूरे दौरे में स्वच्छता अभियान के साथ-साथ संगठनात्मक बैठकों और आगामी पंचायती राज चुनाव की तैयारियों को भी प्रमुखता दी जा रही है।

