नई दिल्ली. भारत का चुनाव आयोग ने विधानसभा चुनाव और उपचुनाव 2026 से जुड़े इंडेक्स कार्ड और सांख्यिकीय रिपोर्ट जारी कर दी हैं। ये सभी रिपोर्ट अब ECINET ऐप और चुनाव आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध हैं। चुनाव आयोग के मुताबिक हाल ही में मतदान वाले सभी 830 विधानसभा क्षेत्रों की जानकारी रिकॉर्ड 72 घंटे के भीतर सार्वजनिक कर दी गई है।
इंडेक्स कार्ड में उपलब्ध हैं चुनाव से जुड़े अहम आंकड़े
चुनाव आयोग द्वारा जारी इंडेक्स कार्ड में उम्मीदवारों, मतदाताओं, डाले गए वोट, गिने गए वोट, पार्टीवार और उम्मीदवारवार वोटों का विस्तृत डेटा शामिल किया गया है। इन आंकड़ों के जरिए किसी भी विधानसभा क्षेत्र के चुनावी परिणाम और मतदान पैटर्न को आसानी से समझा जा सकता है।
पहली बार 72 घंटे के भीतर जारी हुई सांख्यिकीय रिपोर्ट
चुनाव आयोग ने कहा कि यह पहली बार है जब चुनाव परिणाम घोषित होने के 72 घंटे के भीतर सांख्यिकीय रिपोर्ट जारी की गई है। इन रिपोर्टों में राज्यवार और विधानसभा क्षेत्रवार मतदाताओं की संख्या, मतदान केंद्रों की जानकारी, महिला और पुरुष मतदाताओं की भागीदारी, पार्टीवार वोट शेयर और निर्वाचन क्षेत्रों का सारांश शामिल है।
पारदर्शिता बढ़ाने की दिशा में चुनाव आयोग की पहल
चुनाव आयोग ने कहा कि यह कदम चुनाव संबंधी आंकड़ों को अधिक पारदर्शी और सभी के लिए सुलभ बनाने के उद्देश्य से उठाया गया है। इन रिपोर्टों का उपयोग शोधकर्ता, शिक्षाविद, विश्लेषक और आम लोग चुनावी रुझानों को समझने के लिए कर सकेंगे।
प्राथमिक आंकड़ों के आधार पर तैयार की गई रिपोर्ट
आयोग के अनुसार सांख्यिकीय रिपोर्ट इंडेक्स कार्ड में दर्ज द्वितीयक आंकड़ों के आधार पर तैयार की गई हैं। जबकि मूल और अंतिम आंकड़े संबंधित रिटर्निंग अधिकारियों के पास रखे गए वैधानिक दस्तावेजों में सुरक्षित रहते हैं।
