नई दिल्ली. Special Intensive Revision (SIR) के बाद मतदाता सूची से छूट गए पात्र लोगों को दोबारा नाम जुड़वाने का मौका मिलेगा। Election Commission of India (ECI) ने उन राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में Special Drive चलाने का निर्देश दिया है, जहां SIR की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। इस अभियान में SIR के दौरान छूटे मतदाताओं के साथ पहली बार वोट देने वाले और युवा मतदाताओं पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा।
पुराने और मौजूदा वोटर लिस्ट का होगा मिलान
Special Drive के तहत Booth Level Officers (BLOs) SIR से पहले की मतदाता सूची और मौजूदा अंतिम सूची का मिलान करेंगे। इस दौरान उन मतदाताओं की सूची तैयार की जाएगी, जिनके नाम पहले की सूची में थे, लेकिन वर्तमान सूची में नहीं हैं।
इसके बाद BLOs घर-घर जाकर इन मतदाताओं की स्थिति और पात्रता की जानकारी जुटाएंगे। पात्र पाए जाने वाले लोगों को दोबारा मतदाता के रूप में पंजीकरण के लिए Form 6 भरने में मदद की जाएगी। ECI ने प्रत्येक BLO को हर सप्ताह कम से कम 20 से 25 ऐसे मतदाताओं को कवर करने का लक्ष्य दिया है और पूरी प्रक्रिया को करीब एक महीने में पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।
पहली बार वोट देने वाले युवाओं पर भी नजर
Special Drive का दायरा सिर्फ उन लोगों तक सीमित नहीं रहेगा, जिनके नाम SIR के बाद सूची से गायब हुए हैं। घर-घर सत्यापन के दौरान अगर BLO को कोई ऐसा पात्र युवा या व्यक्ति मिलता है, जिसका अभी तक मतदाता के तौर पर पंजीकरण नहीं हुआ है, तो उसे भी Form 6 भरने में सहायता दी जाएगी।
ECI ने दोहराया है कि मतदाता पंजीकरण एक निरंतर प्रक्रिया है। इसलिए SIR के दौरान किसी पात्र व्यक्ति का नाम शामिल नहीं हो पाने का मतलब यह नहीं है कि उसके पास मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने का रास्ता बंद हो गया है।
Political Parties को भी मिलेगी सूची
BLOs द्वारा तैयार की गई सूचियां मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के Booth Level Agents (BLAs) के साथ भी साझा की जाएंगी। इसके बाद Electoral Registration Officer (ERO) की ओर से बूथवार सूची राजनीतिक दलों को उपलब्ध कराई जाएगी। इस प्रक्रिया से राजनीतिक दलों को भी उन पात्र मतदाताओं की पहचान करने का अवसर मिलेगा, जिनका नाम मौजूदा सूची में नहीं है।
अंतिम फैसला ERO करेगा
BLOs अपनी जांच रिपोर्ट, तैयार की गई सूची और पात्र मतदाताओं के Form 6 आवेदन संबंधित Electoral Registration Officer को सौंपेंगे। इसके बाद मतदाता के नाम को सूची में शामिल करने का अंतिम निर्णय ERO संबंधित चुनावी कानूनों और नियमों के तहत करेगा।
विशेष कैंप भी लगाए जाएंगे
मतदाताओं के लिए Form 6 जमा करना आसान बनाने के उद्देश्य से बूथ स्तर पर विशेष कैंप आयोजित किए जाएंगे। इसके अलावा ऐसे वर्गों के लिए भी अलग कैंप लगाए जाएंगे, जिन्हें सामान्य प्रक्रिया तक पहुंचने में परेशानी हो सकती है। इनमें रैन बसेरों में रहने वाले लोग, मजदूर बस्तियों में रहने वाले लोग, बेघर और अन्य वंचित वर्ग शामिल हैं।
जागरूकता अभियान और रोजाना होगी निगरानी
ECI ने Chief Electoral Officers (CEOs), District Election Officers (DEOs) और EROs को Special Drive के बारे में जागरूकता फैलाने के निर्देश दिए हैं। स्कूल-कॉलेजों, SVEEP कार्यक्रमों और प्रेस ब्रीफिंग के जरिए लोगों को मतदाता पंजीकरण की प्रक्रिया की जानकारी दी जाएगी।
अभियान की प्रगति की CEO, DEO और ERO स्तर पर रोजाना समीक्षा भी की जाएगी। ECI ने सभी संबंधित अधिकारियों को Special Drive को प्रभावी तरीके से लागू करने के लिए आवश्यक निर्देश जारी करने को कहा है।
