शिमला. प्रदेश के सभी 68 विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में फोटोयुक्त मतदाता सूचियों का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण 23 जनवरी से 14 फरवरी के बीच किया जाएगा. इसके लिये पहली जनवरी आधार तिथि होगी.हिमाचल प्रदेश राज्य निर्वाचन विभाग के मुताबिक फोटोयुक्त मतदाता सूचियों का प्रारूप प्रकाशन 23 जनवरी को किया जाएगा.
दावे/आक्षेप सभी मतदान केन्द्रों और निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण/सहायक निर्वाचक अधिकारियों के कार्यालयों में 23 जनवरी से 14 फरवरी, तक दाखिल किए जा सकते हैं. 4 व 11 फरवरी रविवार के दिनों विशेष अभियान चलाया जाएगा और इस दौरान सभी मतदान केन्द्रों पर राजनैतिक दलों के बूथ लेवल एजेन्टों सहित दावे व आक्षेप प्राप्त किए जाएंगे. दावों का निपटारा 22 फरवरी तक किया जाएगा. फोटोयुक्त मतदाता सूचियों का अन्तिम प्रकाशन 15 मार्च को किया जाएगा.
1 जनवरी को 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूचियों में दर्ज किए जाएंगे जबकि मृत/स्थान त्याग चुके मतदाताओं के नाम वर्तमान मतदाता सूचियों में से काटे जाएंगे. विभाग ने सभी राजनैतिक दलों से फोटोयुक्त मतदाता सूचियों को अद्यतन रखने के लिए विभाग द्वारा प्रतिनियुक्त निरीक्षकों, अभिहित अधिकारियां, बूथ लेबल अधिकारियों व निर्वाचन विभाग के कर्मचारियों को सहयोग करने की अपील की है.