नई दिल्ली. पंजाब में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले आम आदमी पार्टी (AAP) को बड़ा राजनीतिक झटका लगा है। पार्टी के तीन विधायक कुंवर विजय प्रताप सिंह, हरमीत सिंह पठानमाजरा और चेतन सिंह जौरामाजरा सोमवार, 2 नवंबर को भारतीय जनता पार्टी (BJP) में शामिल हो गए। तीनों नेताओं ने नई दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में पार्टी की सदस्यता ली। इस दौरान पंजाब भाजपा अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों और दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने उनका स्वागत किया।
तीनों नेताओं के पार्टी छोड़ने से पंजाब की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। यह घटनाक्रम ऐसे समय हुआ है, जब AAP ने हाल ही में 2027 विधानसभा चुनाव के लिए अपने 40 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की है।
किस विधायक ने कब दिया इस्तीफा?
तीनों नेताओं में हरमीत सिंह पठानमाजरा पंजाब के पटियाला जिले की सनौर विधानसभा सीट से विधायक हैं, जबकि चेतन सिंह जौरामाजरा समाना सीट का प्रतिनिधित्व करते हैं। इन दोनों ने रविवार को AAP की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था।
वहीं, अमृतसर नॉर्थ से विधायक और पूर्व IPS अधिकारी कुंवर विजय प्रताप सिंह ने सोमवार को पंजाब विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफा दिया। उन्होंने अपना इस्तीफा विधानसभा अध्यक्ष कुलतार सिंह संधवां को सौंपा और सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए इसकी जानकारी दी। इसके बाद वह भी भाजपा में शामिल हो गए।
2022 के चुनाव में तीनों ने दर्ज की थी जीत
कुंवर विजय प्रताप सिंह ने 2022 के पंजाब विधानसभा चुनाव में अमृतसर नॉर्थ सीट से शिरोमणि अकाली दल के उम्मीदवार अनिल जोशी को 28,318 वोटों से हराया था।
चेतन सिंह जौरामाजरा ने समाना सीट पर अकाली दल के उम्मीदवार सुरजीत सिंह रखड़ा को 39,713 वोटों के अंतर से शिकस्त दी थी। वहीं, हरमीत सिंह पठानमाजरा ने सनौर विधानसभा सीट से अकाली दल के उम्मीदवार हरिंदर पाल सिंह चंदूमाजरा को 49,122 वोटों से हराकर जीत हासिल की थी।
AAP ने जारी की थी 40 उम्मीदवारों की पहली सूची
तीनों विधायकों का पार्टी छोड़ना AAP की ओर से पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए पहली उम्मीदवार सूची जारी किए जाने के कुछ दिनों बाद हुआ है। पार्टी ने अपनी पहली सूची में 40 उम्मीदवारों के नाम घोषित किए थे। इसमें मुख्यमंत्री भगवंत मान को उनकी मौजूदा धुरी विधानसभा सीट से उम्मीदवार बनाया गया है।
इसके अलावा जेल में बंद पार्टी नेता संजीव अरोड़ा को लुधियाना पश्चिम सीट से टिकट दिया गया है। वह प्रवर्तन निदेशालय (ED) से जुड़े एक मामले में गुरुग्राम की भोंडसी जेल में बंद हैं।
पहली सूची में कोटकपूरा से कुलतार सिंह संधवां, अजनाला से कुलदीप सिंह धालीवाल, तलवंडी साबो से बलजिंदर कौर, बटाला से अमनशेर सिंह शेरी कलसी और भदौड़ से लाभ सिंह उगोके के नाम भी शामिल हैं।
2027 में होना है पंजाब विधानसभा चुनाव
पंजाब में 117 विधानसभा सीटों के लिए अगला चुनाव 2027 की शुरुआत में होना है। मौजूदा विधानसभा का पांच साल का कार्यकाल 16 मार्च 2027 को पूरा होगा। चुनाव आयोग ने अभी मतदान की तारीखों का ऐलान नहीं किया है। माना जा रहा है कि चुनाव फरवरी-मार्च के आसपास हो सकते हैं।
साल 2022 के विधानसभा चुनाव में AAP ने शानदार जीत दर्ज करते हुए 117 में से 92 सीटें हासिल की थीं। कांग्रेस को 18 सीटों पर जीत मिली थी। अब अगले चुनाव से पहले पार्टी के तीन विधायकों का भाजपा में शामिल होना पंजाब की राजनीति में एक अहम घटनाक्रम माना जा रहा है।
