नई दिल्ली. बिहार विधानसभा चुनाव 2025 को लेकर भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने मंगलवार को अपने उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है। पार्टी ने 71 प्रत्याशियों के नामों का ऐलान किया है। सीट शेयरिंग को लेकर एनडीए (NDA) में चल रही खींचतान के बीच बीजेपी की यह पहली लिस्ट आई है।
इस सूची में बिहार के दोनों उपमुख्यमंत्री — सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा — को टिकट दिया गया है।
सम्राट चौधरी तारापुर सीट से चुनाव लड़ेंगे,
जबकि विजय कुमार सिन्हा लखीसराय से मैदान में उतरेंगे।
सिन्हा इससे पहले 2005, 2010, 2015 और 2020 में लखीसराय से विधायक रह चुके हैं।
लिस्ट में शामिल बड़े नाम
बीजेपी की इस पहली सूची में कई वरिष्ठ और चर्चित चेहरे शामिल हैं —
रेणु देवी – बेतिया
तारकिशोर प्रसाद – कटिहार
मंगल पांडेय – सिवान
नीतीश मिश्रा – झंझारपुर
नीरज कुमार सिंह ‘बब्लू’ – छातापुर
विजय कुमार मंडल – सिक्ती
संजय सरावगी – दरभंगा
राणा रंधीर सिंह – मधुबन
सुनील कुमार पिंटू – सीतामढ़ी
राम नारायण मंडल – बांका
कृष्ण कुमार ऋषि – बनमंखी
नितिन नबीन – बांकीपुर
डॉ. प्रेम कुमार – गया टाउन
सिद्धार्थ सौरव – बिक्रम
वहीं, पूर्व केंद्रीय मंत्री रामकृपाल यादव, जिन्होंने 2024 लोकसभा चुनाव में पटना के पाटलिपुत्र सीट से हार का सामना किया था, अब दानापुर से विधानसभा चुनाव लड़ेंगे।
🔹 9 महिला उम्मीदवारों को टिकट
रेणु देवी के अलावा पार्टी ने 8 और महिलाओं को टिकट दिया है —
श्रेयसी सिंह – जमुई
अरुणा देवी – वारसलीगंज
रमा निषाद – औराई
निशा सिंह – प्राणपुर
कविता देवी – कोरहा
स्वीटी सिंह – किशनगंज
देवंती यादव – नरपतगंज
गायत्री देवी – परिहार
नंद किशोर यादव को टिकट नहीं
इस बार पार्टी ने बिहार विधानसभा अध्यक्ष नंद किशोर यादव को टिकट नहीं दिया है।
वे पटना साहिब विधानसभा सीट से 2010, 2015 और 2020 में विधायक रह चुके हैं।
इससे पहले उन्होंने पटना पूर्व सीट से भी 1995, 2000 और 2005 (दोनों बार) में जीत दर्ज की थी।
उनकी जगह अब रत्नेश कुशवाहा को पटना साहिब से उम्मीदवार बनाया गया है।
इसके अलावा जिन नेताओं के टिकट काटे गए हैं उनमें शामिल हैं —
मोती लाल प्रसाद (रीगा), मिथिलेश कुमार (सीतामढ़ी), डॉ. रामप्रीत पासवान (राजनगर), जय प्रकाश यादव (नरपतगंज), रामसूरत कुमार (औराई), डॉ. निक्की हेंब्रोम (कटोरिया), अमरेंद्र प्रताप सिंह (आरा) और अरुण कुमार सिन्हा (कुम्हरार)।
चुनाव की तारीखें
बिहार विधानसभा की 243 सीटों पर मतदान दो चरणों में होगा —
पहला चरण: 6 नवंबर 2025
दूसरा चरण: 11 नवंबर 2025
गिनती 14 नवंबर को होगी।
