नई दिल्ली. बिहार विधानसभा चुनाव 2025 को लेकर INDIA Bloc के भीतर सीट बंटवारे पर सहमति बन गई है। सूत्रों के अनुसार, ‘महागठबंधन’ आज पटना में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर सीट बंटवारे का आधिकारिक ऐलान कर सकता है। इस फॉर्मूले के तहत राष्ट्रीय जनता दल (RJD) को गठबंधन में सीनियर पार्टनर की भूमिका दी गई है, जबकि कांग्रेस पार्टी को करीब 55-57 सीटों पर संतोष करना पड़ सकता है। खास बात यह है कि कांग्रेस इस बार पटना जिले की सभी सीटें छोड़ने पर राज़ी हो गई है।
महागठबंधन का सीट शेयरिंग फॉर्मूला
सूत्रों के मुताबिक तय फार्मूले के अनुसार:
RJD: 125 सीटें
कांग्रेस: 55 से 57 सीटें
वाम दल: 35 सीटें
मुकेश सहनी की वीआईपी पार्टी: 20 सीटें
पशुपति पारस गुट: 3 सीटें
झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM): 2 सीटें
हालांकि, कांग्रेस और RJD के बीच अंतिम सीटों की संख्या को लेकर कुछ मतभेद अब भी बने हुए हैं। दोनों पार्टियों के नेताओं का कहना है कि “बातचीत पूरी हो चुकी है और औपचारिक ऐलान जल्द होगा।”
कांग्रेस और RJD में सीट बंटवारे को लेकर टकराव
मुख्य विवाद कांग्रेस द्वारा मांगी गई सीटों की संख्या को लेकर है।
कांग्रेस की मांग: 78 सीटें
RJD की पेशकश: 48 सीटें
संभावित समझौता: 55 सीटों पर
सूत्रों के अनुसार, दोनों पार्टियां एक मध्य रास्ता निकालने पर सहमत हो सकती हैं, जिसके तहत कांग्रेस को 55 सीटें दी जा सकती हैं।
कांग्रेस की ‘सीट कैटेगराइजेशन’ रणनीति
इस बार कांग्रेस ने अपनी सीटों की मांग तीन श्रेणियों में विभाजित की है:
कैटेगरी A: पिछली बार 5,000 से 10,000 वोटों के अंतर से हारी सीटें
कैटेगरी B: 10,000 से 15,000 वोटों के अंतर से हारी सीटें
कैटेगरी C: 15,000 से 20,000 वोटों के अंतर से हारी सीटें
कांग्रेस इस बार कुछ पारंपरिक सीटें छोड़ने को भी तैयार दिखाई दे रही है। उदाहरण के तौर पर, पटना जिले में पिछली बार लड़ी गई चारों सीटों पर कांग्रेस इस बार दावा नहीं कर रही है। वहीं, सीतामढ़ी की सुरसंड, दरभंगा की जाले और चेनपुर, व वैशाली की राजा पाकर सीटें कांग्रेस से RJD के खाते में जा सकती हैं।
वैशाली की राजा पाकर सीट पर इस वक्त कांग्रेस की विधायक प्रतिमा सिंह हैं, लेकिन RJD इस सीट से शिवचंद्र राम को टिकट देना चाहती है।
JMM की एंट्री बिहार चुनाव में
झारखंड की सत्ताधारी पार्टी झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) भी इस बार बिहार की सीमावर्ती इलाकों में चुनाव लड़ सकती है। पार्टी को गठबंधन में दो सीटें मिलने की संभावना है, हालांकि वह इससे ज्यादा की मांग कर रही है।
कांग्रेस की तैयारी: वर्चुअल CEC मीटिंग आज
चुनाव की तारीखों के ऐलान के बाद बिहार की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। 8 अक्टूबर को कांग्रेस की केंद्रीय चुनाव समिति (CEC) की पहली वर्चुअल बैठक होगी, जिसमें उम्मीदवारों की पहली सूची को अंतिम रूप दिया जाएगा। यह पहली बार होगा जब कांग्रेस की CEC बैठक पूरी तरह वर्चुअल मोड में आयोजित की जाएगी।
बिहार चुनावों से पहले महागठबंधन में सीट शेयरिंग को लेकर बनी सहमति ने विपक्षी एकता को नई मजबूती दी है। अब देखना दिलचस्प होगा कि क्या यह फार्मूला जमीनी हकीकत में भी टिक पाता है, या चुनावी मैदान में फिर से सीटों को लेकर खींचतान देखने को मिलेगी।
