नई दिल्ली. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि कैबिनेट द्वारा दिल्ली, हरियाणा, महाराष्ट्र और कर्नाटक के विभिन्न जिलों को कवर करने वाली तीन मल्टीट्रैकिंग रेल परियोजनाओं को मंजूरी देने से देश की रेल अवसंरचना मजबूत होगी, लॉजिस्टिक लागत कम होगी और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।
लोगों के जीवन को आसान बनाने में मदद मिलेगी
प्रधानमंत्री ने बताया कि हैदराबाद–पणजी आर्थिक कॉरिडोर पर गुडेबेल्लूर से महबूबनगर तक राष्ट्रीय राजमार्ग-167 के चौड़ीकरण के फैसले से आर्थिक विकास को गति मिलेगी, रोजगार सृजन होगा और लोगों के जीवन को आसान बनाने में मदद मिलेगी।
उन्होंने कहा कि कैबिनेट ने असम में गोहपुर और नुमालीगढ़ के बीच चार-लेन एक्सेस-कंट्रोल्ड ग्रीनफील्ड कॉरिडोर को भी मंजूरी दी है, जिसमें ब्रह्मपुत्र नदी के नीचे भारत की पहली अंडरवाटर रोड-कम-रेल सुरंग का निर्माण शामिल है। यह परियोजना असम और पूरे पूर्वोत्तर क्षेत्र में कनेक्टिविटी बढ़ाने, लॉजिस्टिक लागत घटाने और विकास को तेज करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
प्रधानमंत्री ने यह भी बताया कि नोएडा सेक्टर-142 से बॉटनिकल गार्डन तक एक्सटेंशन कॉरिडोर को मंजूरी दी गई है। इस फैसले से नोएडा के विकास को नई गति मिलेगी और यातायात जाम में उल्लेखनीय कमी आएगी।
