नई दिल्ली. झारखंड की दो राज्यसभा सीटों के लिए आज मतदान हो रहा है। चुनाव को लेकर राज्य की राजनीति में हलचल चरम पर है। एक सीट झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम) के संस्थापक और वरिष्ठ नेता शिबू सोरेन के निधन के बाद रिक्त हुई थी, जबकि दूसरी सीट भाजपा सांसद दीपक प्रकाश का कार्यकाल 21 जून को समाप्त होने के कारण खाली हो रही है। इन दोनों सीटों पर मुकाबला अब दिलचस्प मोड़ पर पहुंच गया है।
विधानसभा में संख्या बल INDIA गठबंधन के पक्ष में
81 सदस्यीय झारखंड विधानसभा में राज्यसभा चुनाव जीतने के लिए किसी उम्मीदवार को कम से कम 28 प्रथम वरीयता मतों की आवश्यकता है। मौजूदा संख्या बल के आधार पर INDIA गठबंधन मजबूत स्थिति में नजर आ रहा है।
गठबंधन के पास कुल 56 विधायक हैं, जिनमें जेएमएम के 34, कांग्रेस के 16, राजद के 4 और सीपीआई (एमएल) लिबरेशन के 2 विधायक शामिल हैं। दूसरी ओर, एनडीए के पास कुल 24 विधायक हैं। इनमें भाजपा के 21, आजसू, जदयू और लोजपा (रामविलास) के एक-एक विधायक शामिल हैं। इसके अलावा झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा का एक विधायक भी विधानसभा में मौजूद है।
परिमल नाथवानी ने मुकाबले को बनाया रोचक
संख्या बल के आधार पर INDIA गठबंधन दोनों सीटें जीतने की स्थिति में दिखाई देता है, लेकिन भाजपा समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार परिमल नाथवानी की एंट्री ने चुनाव को रोमांचक बना दिया है। नाथवानी क्रॉस वोटिंग की उम्मीद के सहारे चुनावी मैदान में उतरे हैं और उनकी उम्मीदवारी को हल्के में नहीं लिया जा रहा।
परिमल नाथवानी का राज्यसभा चुनावों में लंबा अनुभव रहा है। वह इससे पहले तीन बार राज्यसभा सदस्य रह चुके हैं। वर्ष 2008 में उन्होंने निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में जीत हासिल की थी। इसके बाद 2014 में भाजपा और आजसू के समर्थन से राज्यसभा पहुंचे। वहीं 2020 में वह आंध्र प्रदेश से वाईएसआर कांग्रेस पार्टी के समर्थन से राज्यसभा सदस्य बने थे।
दोनों खेमों ने झोंकी पूरी ताकत
राज्यसभा चुनाव को लेकर भाजपा और INDIA गठबंधन दोनों ने अपने-अपने विधायकों को एकजुट रखने के लिए विशेष रणनीति बनाई है। भाजपा समर्थित एनडीए ने अपने विधायकों को होटल में ठहराया, जबकि INDIA गठबंधन ने विधायकों को मतदान प्रक्रिया का प्रशिक्षण देने के लिए मॉक पोलिंग कराई।
दोनों पक्ष अपनी जीत का दावा कर रहे हैं। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि यदि क्रॉस वोटिंग होती है तो चुनाव का परिणाम अपेक्षा से अधिक रोचक हो सकता है।
भाजपा पर भड़के मंत्री इरफान अंसारी
झारखंड सरकार में मंत्री इरफान अंसारी ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि राज्यसभा की दोनों सीटें महागठबंधन के खाते में जाएंगी। उन्होंने कहा कि विधानसभा में संख्या बल पूरी तरह INDIA गठबंधन के पक्ष में है और भाजपा के पास जीत के लिए पर्याप्त समर्थन नहीं है।
अंसारी ने आरोप लगाया कि भाजपा बिना संख्या होने के बावजूद चुनावी माहौल को प्रभावित करने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि झारखंड की जनता और विधायक महागठबंधन के साथ हैं और विपक्ष को कोई सफलता नहीं मिलने वाली है।
नतीजों पर टिकी सभी की नजर
राज्यसभा चुनाव में संख्या बल भले ही INDIA गठबंधन के पक्ष में दिखाई दे रहा हो, लेकिन परिमल नाथवानी की मौजूदगी ने मुकाबले को दिलचस्प बना दिया है। अब सभी की नजर मतदान और मतगणना पर टिकी हुई है कि क्या INDIA गठबंधन अपनी बढ़त बरकरार रख पाएगा या फिर नाथवानी कोई बड़ा राजनीतिक उलटफेर करने में सफल होंगे।
