नई दिल्ली: Sujata Sharma ने कहा है कि देशभर में घरेलू एलपीजी की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है और किसी भी गैस एजेंसी में सिलेंडर खत्म होने की स्थिति नहीं है। नई दिल्ली में आयोजित अंतर-मंत्रालयी प्रेस ब्रीफिंग में उन्होंने कहा कि पश्चिम एशिया की मौजूदा स्थिति के बावजूद सरकार लगातार यह सुनिश्चित कर रही है कि घरेलू उपभोक्ताओं को गैस की कोई कमी न हो और कीमतें भी स्थिर बनी रहें।
दो दिनों में 57 लाख LPG सिलेंडरों की डिलीवरी
सुझाता शर्मा ने बताया कि पिछले दो दिनों में करीब 87 लाख बुकिंग के मुकाबले 57 लाख एलपीजी सिलेंडर घरों तक पहुंचाए गए हैं। उन्होंने कहा कि प्रवासी मजदूरों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए 5 किलो वाले छोटे सिलेंडरों की आपूर्ति भी बढ़ाई गई है। पिछले दो दिनों में 1 लाख 11 हजार से ज्यादा 5 किलो सिलेंडर बेचे गए हैं।
कमर्शियल LPG सप्लाई भी तेजी से बहाल
पेट्रोलियम सचिव ने बताया कि देशभर में कमर्शियल एलपीजी सप्लाई लगभग 70 प्रतिशत तक बहाल हो चुकी है। पिछले दो दिनों में 15 हजार 400 टन से ज्यादा कमर्शियल एलपीजी की बिक्री हुई है।उन्होंने कहा कि मार्च महीने से अब तक 6 लाख से ज्यादा PNG कनेक्शन गैसिफाई किए जा चुके हैं, जबकि 2 लाख 66 हजार से अधिक नए कनेक्शन के लिए इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार किया गया है।
पेट्रोल-डीजल की भी कोई कमी नहीं
सुझाता शर्मा ने साफ कहा कि देश में कहीं भी पेट्रोल और डीजल की कमी नहीं है। उन्होंने लोगों से घबराहट में ज्यादा खरीदारी न करने की अपील की। उन्होंने कहा कि रिफाइनरियां पूरी क्षमता से काम कर रही हैं और कच्चे तेल का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है।
खाड़ी क्षेत्र में भारतीय नाविक सुरक्षित
Opesh Kumar Sharma ने कहा कि सरकार भारतीय नाविकों की सुरक्षा और समुद्री गतिविधियों को सुचारु बनाए रखने के लिए लगातार सभी पक्षों के संपर्क में है। उन्होंने बताया कि खाड़ी क्षेत्र में भारतीय नाविक पूरी तरह सुरक्षित हैं और पिछले 24 घंटे में किसी भारतीय जहाज से जुड़ी कोई घटना सामने नहीं आई है।
87 हजार से ज्यादा कॉल्स संभाल चुका कंट्रोल रूम
उन्होंने कहा कि डीजी शिपिंग का कंट्रोल रूम सक्रिय होने के बाद अब तक 87 हजार 370 से अधिक कॉल और 19 हजार ईमेल संभाल चुका है। सरकार अब तक 3 हजार 190 से ज्यादा भारतीय नाविकों की सुरक्षित वापसी सुनिश्चित कर चुकी है, जिनमें पिछले 24 घंटे में लौटे 20 नाविक भी शामिल हैं।
पश्चिम एशिया की स्थिति पर लगातार नजर
Randhir Jaiswal ने कहा कि भारत सरकार खाड़ी देशों के साथ लगातार संपर्क में है। उन्होंने बताया कि विदेश सचिव Vikram Misri ने हाल ही में यूएई का दौरा किया। उन्होंने कहा कि इससे पहले विदेश मंत्री S. Jaishankar और राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार Ajit Doval भी यूएई जा चुके हैं।
ईरान से 2,546 भारतीयों को निकाला गया
विदेश मंत्रालय में अतिरिक्त सचिव (गल्फ) Assem R. Mahajan ने कहा कि पश्चिम एशिया की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। उन्होंने बताया कि तेहरान स्थित भारतीय दूतावास की मदद से अब तक 2,546 भारतीय नागरिकों को ईरान से जमीनी सीमा मार्गों के जरिए सुरक्षित बाहर निकाला गया है। उन्होंने यह भी कहा कि यूएई का एयरस्पेस फिलहाल खुला है और भारत व यूएई की एयरलाइंस सामान्य उड़ान संचालन कर रही हैं।
