नई दिल्ली. नई दिल्ली में आयोजित India AI Impact Summit 2026 के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वैश्विक और भारतीय उद्योग जगत के शीर्ष सीईओ, प्रौद्योगिकी विशेषज्ञों और नीति निर्माताओं के साथ एक उच्चस्तरीय राउंडटेबल बैठक की अध्यक्षता की। इस बैठक में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) के जिम्मेदार उपयोग, नवाचार को बढ़ावा देने, डेटा सुरक्षा, साइबर सुरक्षा, कौशल विकास और स्टार्टअप इकोसिस्टम को मजबूत करने जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर व्यापक चर्चा हुई।
इनोवेशन-फर्स्ट’ दृष्टिकोण के साथ आगे बढ़ रहा है
प्रधानमंत्री ने भारत की तेजी से विकसित हो रही डिजिटल अर्थव्यवस्था और AI क्षेत्र में बढ़ती क्षमताओं का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत ‘इनोवेशन-फर्स्ट’ दृष्टिकोण के साथ आगे बढ़ रहा है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि एआई तकनीक को समावेशी विकास, कृषि, स्वास्थ्य, शिक्षा और जलवायु परिवर्तन जैसी चुनौतियों के समाधान में उपयोग किया जाना चाहिए।
बैठक में वैश्विक सहयोग, अनुसंधान एवं विकास (R&D) में निवेश, प्रतिभा निर्माण और नैतिक AI फ्रेमवर्क तैयार करने पर भी सहमति बनी। प्रधानमंत्री ने उद्योग जगत से आग्रह किया कि वे भारत में निवेश बढ़ाएं और देश को वैश्विक AI हब बनाने की दिशा में साझेदारी करें।
प्रधानमंत्री ने कहा कि सरकार नीति समर्थन, बुनियादी ढांचे और स्किल डेवलपमेंट के माध्यम से AI क्षेत्र को प्रोत्साहित कर रही है। राउंडटेबल के दौरान उद्योग नेताओं ने भारत की AI क्षमता, युवा प्रतिभा और डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर की सराहना की तथा दीर्घकालिक सहयोग की प्रतिबद्धता व्यक्त की।
