नई दिल्ली. नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने घोषणा की है कि NEET UG 2026 की दोबारा परीक्षा 21 जून 2026, रविवार को आयोजित की जाएगी। इससे पहले 3 मई को हुई परीक्षा पेपर लीक के आरोपों के बाद रद्द कर दी गई थी। मामले की जांच फिलहाल Central Bureau of Investigation (CBI) कर रही है।
NTA ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट जारी कर कहा कि उम्मीदवार केवल आधिकारिक वेबसाइट और NTA के आधिकारिक चैनलों पर ही भरोसा करें।
क्या दोबारा एडमिट कार्ड डाउनलोड करना होगा?
जी हां, NEET UG 2026 री-एग्जाम के लिए उम्मीदवारों को नया एडमिट कार्ड डाउनलोड करना होगा। NTA दोबारा परीक्षा के लिए फ्रेश एडमिट कार्ड जारी करेगा। एजेंसी ने कहा है कि री-एग्जाम की तारीख, एडमिट कार्ड जारी होने की तारीख और अन्य जानकारी आधिकारिक वेबसाइट के जरिए साझा की जाएगी। छात्रों और अभिभावकों से सोशल मीडिया पर चल रही अपुष्ट खबरों से बचने की अपील की गई है।
क्या दोबारा रजिस्ट्रेशन करना पड़ेगा?
NTA के अनुसार NEET UG री-एग्जाम 2026 के लिए दोबारा आवेदन करने की जरूरत नहीं होगी। मई 2026 परीक्षा में किए गए रजिस्ट्रेशन, उम्मीदवारों का डेटा और चुने गए परीक्षा केंद्र स्वतः मान्य रहेंगे।
यानी जिन छात्रों ने पहले आवेदन किया था, उन्हें दोबारा फॉर्म भरने की आवश्यकता नहीं है।
क्या री-एग्जाम के लिए फिर फीस देनी होगी?
NTA ने स्पष्ट किया है कि री-NEET 2026 के लिए कोई अतिरिक्त परीक्षा शुल्क नहीं लिया जाएगा। छात्रों को दोबारा फीस जमा नहीं करनी होगी।
इसके अलावा पहले जमा की गई परीक्षा फीस उम्मीदवारों को वापस की जाएगी। एजेंसी ने बताया कि दोबारा परीक्षा NTA अपने आंतरिक संसाधनों से आयोजित करेगी।
कब जारी होगा NEET UG 2026 का रिजल्ट?
चूंकि पूरी परीक्षा रद्द कर दी गई है, इसलिए पुराने एग्जाम का रिजल्ट जारी नहीं किया जाएगा। अब 21 जून को होने वाले री-एग्जाम के बाद ही नया रिजल्ट घोषित किया जाएगा।
रिजल्ट जारी होने के बाद छात्र आधिकारिक वेबसाइट neet.nta.nic.in पर जाकर स्कोरकार्ड डाउनलोड कर सकेंगे।
NTA ने जारी किए हेल्पलाइन नंबर
उम्मीदवार किसी भी जानकारी के लिए NTA के हेल्पलाइन नंबर 011-40759000 और 011-69227700 पर संपर्क कर सकते हैं।
इसके अलावा छात्र ईमेल के जरिए भी सहायता प्राप्त कर सकते हैं:
neetug2026@nta.ac.in
neet-ug@nta.ac.in
पेपर लीक मामले की जांच जारी
गौरतलब है कि NEET UG 2026 परीक्षा पेपर लीक विवाद के बाद केंद्र सरकार ने परीक्षा रद्द करने का फैसला लिया था। मामले की जांच Central Bureau of Investigation कर रही है और कई राज्यों में जांच एजेंसियां सक्रिय हैं।
