नई दिल्ली. देशभर में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में शनिवार को फिर बढ़ोतरी कर दी गई। सरकारी तेल कंपनियों ने पेट्रोल के दाम में 87 पैसे प्रति लीटर और डीजल में 91 पैसे प्रति लीटर की वृद्धि की है। बीते 10 दिनों में यह तीसरी बार है जब ईंधन की कीमतों में इजाफा किया गया है। पश्चिम एशिया में बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव और अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में तेजी को इसकी बड़ी वजह माना जा रहा है।
राजधानी दिल्ली में पेट्रोल की कीमत 98.64 रुपये से बढ़कर 99.51 रुपये प्रति लीटर हो गई है, जबकि डीजल 91.58 रुपये से बढ़कर 92.49 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है। लगातार बढ़ती कीमतों से आम लोगों, ट्रांसपोर्ट सेक्टर और कारोबारियों पर अतिरिक्त बोझ बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।
पेट्रोलियम मंत्रालय ने कहा- देश में ईंधन की कोई कमी नहीं
कीमतों में बढ़ोतरी के बीच पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने लोगों से घबराकर खरीदारी न करने की अपील की है। मंत्रालय ने कहा कि देशभर में पेट्रोल और डीजल की पर्याप्त उपलब्धता बनी हुई है और सप्लाई व्यवस्था पूरी तरह स्थिर है।
मंत्रालय के मुताबिक, कुछ पेट्रोल पंपों पर अस्थायी दबाव जरूर देखा गया है, लेकिन ऑयल मार्केटिंग कंपनियां लगातार निगरानी और समन्वय के जरिए सप्लाई सामान्य बनाए रखने में जुटी हैं। सरकार ने नागरिकों से जरूरत के अनुसार ही ईंधन खरीदने और जिम्मेदार उपभोग करने की अपील की है।
मई में करीब 5 रुपये तक बढ़ चुके हैं दाम
इससे पहले 16 मई को सरकारी तेल कंपनियों ने पेट्रोल और डीजल के दामों में करीब 3 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की थी। इसके बाद 19 मई को भी करीब 90 पैसे प्रति लीटर का इजाफा किया गया था। अब ताजा बढ़ोतरी के बाद कई शहरों में पेट्रोल-डीजल के दाम लगभग 5 रुपये प्रति लीटर तक बढ़ चुके हैं।
प्रमुख शहरों में पेट्रोल-डीजल के नए दाम
दिल्ली में पेट्रोल 99.51 रुपये और डीजल 92.49 रुपये प्रति लीटर पहुंच गया है।
कोलकाता में पेट्रोल 110.64 रुपये और डीजल 97.02 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है।
मुंबई में पेट्रोल की कीमत 108.49 रुपये और डीजल 95.02 रुपये प्रति लीटर हो गई है।
चेन्नई में पेट्रोल 105.31 रुपये और डीजल 96.98 रुपये प्रति लीटर पहुंच गया है।
गुरुग्राम में पेट्रोल 100.38 रुपये और डीजल 92.92 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है।
नोएडा में पेट्रोल 98.78 रुपये और डीजल 93.12 रुपये प्रति लीटर हो गया है।
बढ़ती कीमतों से महंगाई बढ़ने की आशंका
विशेषज्ञों का कहना है कि पेट्रोल और डीजल की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी से परिवहन और लॉजिस्टिक्स लागत बढ़ सकती है। इसका असर रोजमर्रा की जरूरी वस्तुओं और खाद्य पदार्थों की कीमतों पर भी देखने को मिल सकता है, जिससे महंगाई का दबाव बढ़ने की आशंका है।
सरकारी अधिकारियों का कहना है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों और आयात लागत को संतुलित रखने के लिए कीमतों में संशोधन जरूरी हो गया है। भारत अपनी करीब 85 प्रतिशत कच्चे तेल की जरूरतों के लिए आयात पर निर्भर है, इसलिए वैश्विक बाजार में उतार-चढ़ाव का सीधा असर घरेलू ईंधन कीमतों पर पड़ता है।
सीएनजी और पीएनजी भी हुए महंगे
पेट्रोल-डीजल के साथ-साथ कई शहरों में सीएनजी और पीएनजी की कीमतों में भी हाल के दिनों में बढ़ोतरी की गई है। दिल्ली में सीएनजी की कीमत 1 रुपये प्रति किलोग्राम बढ़ा दी गई है।
नई दरों के बाद राष्ट्रीय राजधानी में इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड (IGL) के स्टेशनों पर सीएनजी 81.09 रुपये प्रति किलोग्राम की दर से बिक रही है। इससे यात्रियों और कमर्शियल वाहन चालकों की लागत में भी इजाफा होने की संभावना है।
