नई दिल्ली: देश के करोड़ों किसानों के लिए केंद्र सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय मंत्रिमंडल ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (PM-KISAN) योजना को अगले पांच वर्षों के लिए बढ़ाने को मंजूरी दे दी है। अब यह योजना वित्त वर्ष 2026-27 से 2030-31 तक जारी रहेगी। इसके लिए सरकार ने 3,15,614 करोड़ रुपये का बजट मंजूर किया है।
केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कैबिनेट के फैसलों की जानकारी देते हुए बताया कि योजना के विस्तार से पात्र किसानों को पहले की तरह वित्तीय सहायता मिलती रहेगी।
हर साल मिलते रहेंगे 6,000 रुपये
PM-KISAN Scheme के तहत पात्र किसान परिवारों को हर वर्ष 6,000 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है। यह राशि Direct Benefit Transfer (DBT) के माध्यम से किसानों के बैंक खातों में 2,000 रुपये की तीन समान किस्तों में भेजी जाती है। किस्तों का समय फसल चक्र के अनुसार तय किया जाता है, ताकि बुवाई और खेती की तैयारी के दौरान किसानों को समय पर आर्थिक मदद मिल सके।
बीज, खाद और खेती की लागत में मिलेगी राहत
सरकार का कहना है कि योजना की किस्तें ऐसे समय जारी की जाती हैं, जब किसानों को बीज, उर्वरक, कीटनाशक और अन्य कृषि आवश्यकताओं के लिए धन की सबसे अधिक जरूरत होती है। इससे किसानों पर आर्थिक दबाव कम होता है और उन्हें ऊंची ब्याज दर पर कर्ज लेने की जरूरत भी नहीं पड़ती।
छोटे और सीमांत किसानों को सबसे ज्यादा फायदा
सरकार के अनुसार, PM-KISAN के अधिकांश लाभार्थी छोटे और सीमांत किसान हैं। अब तक योजना की 23 किस्तों के माध्यम से किसानों के खातों में 4.47 लाख करोड़ रुपये से अधिक की राशि सीधे ट्रांसफर की जा चुकी है।
नीति आयोग (NITI Aayog) के आकलन के मुताबिक, इस योजना ने किसानों की आय बढ़ाने में मदद की है और अनौपचारिक स्रोतों से कर्ज लेने की उनकी निर्भरता भी कम हुई है। ऐसे में योजना को अगले पांच वर्षों तक जारी रखने का फैसला किसानों के लिए बड़ी राहत माना जा रहा है।
23वीं किस्त जारी कर चुके हैं पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हाल ही में पश्चिम बंगाल के हुगली जिले में आयोजित कार्यक्रम के दौरान PM-KISAN योजना की 23वीं किस्त जारी की थी। यह कार्यक्रम कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय और पश्चिम बंगाल सरकार के सहयोग से आयोजित किया गया था।
किसानों के कल्याण पर सरकार का जोर
सरकार का कहना है कि PM-KISAN Yojana का उद्देश्य किसानों को समय पर आर्थिक सहायता उपलब्ध कराकर खेती की लागत कम करना, उनकी आय बढ़ाना और कृषि क्षेत्र को मजबूत बनाना है। योजना के विस्तार से आने वाले वर्षों में करोड़ों किसान परिवारों को इसका लाभ मिलता रहेगा।

