नई दिल्ली. भारतीय रेलवे ने रेल यात्रियों की सुरक्षा और ट्रेन संचालन को अधिक आधुनिक एवं सुरक्षित बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। रेलवे ने 680 रूट किलोमीटर पर स्वदेशी ट्रेन सुरक्षा प्रणाली ‘कवच’ (Kavach) लगाने के लिए 206 करोड़ रुपये की मंजूरी दी है। इस परियोजना का उद्देश्य व्यस्त और रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण रेल मार्गों पर अत्याधुनिक सुरक्षा प्रणाली का विस्तार करना है, जिससे ट्रेन संचालन पहले से अधिक सुरक्षित और कुशल बनाया जा सके।
दिल्ली मंडल के इन रेल मार्गों पर लगेगा Kavach Version 4.0
रेल मंत्रालय के अनुसार, Kavach Version 4.0 को उत्तर रेलवे के दिल्ली मंडल के रेवाड़ी-दिल्ली (Rewari-Delhi) और शकूरबस्ती-बठिंडा (Shakurbasti-Bathinda) रेल खंड पर लागू किया जाएगा। इन दोनों मार्गों पर ट्रेनों का संचालन काफी व्यस्त रहता है, इसलिए यहां आधुनिक सुरक्षा तकनीक लगाने का फैसला किया गया है।
कैसे काम करता है ‘कवच’ सिस्टम?
‘कवच’ भारतीय रेलवे द्वारा विकसित एक स्वदेशी Automatic Train Protection System है। यह तकनीक ट्रेनों की हर गतिविधि पर लगातार नजर रखती है और यदि किसी कारणवश चालक सिग्नल का पालन नहीं करता या दुर्घटना की आशंका बनती है, तो यह सिस्टम स्वतः ब्रेक लगा देता है। इससे Signal Passed at Danger (SPAD) जैसी घटनाओं और ट्रेनों की टक्कर की संभावना काफी हद तक कम हो जाती है।
कोहरे में भी सुरक्षित रहेगा ट्रेन संचालन
रेल मंत्रालय ने बताया कि यह प्रणाली घने कोहरे और खराब मौसम जैसी परिस्थितियों में भी ट्रेनों का सुरक्षित संचालन सुनिश्चित करती है। इसके अलावा, यह ट्रेनों को निर्धारित अधिकतम सुरक्षित गति पर चलाने में भी मदद करती है, जिससे सुरक्षा के साथ-साथ परिचालन दक्षता (Operational Efficiency) में भी सुधार होता है।
रेलवे सुरक्षा को नई तकनीक से मिलेगी मजबूती
भारतीय रेलवे लगातार नई तकनीकों को अपनाकर रेल नेटवर्क को अधिक सुरक्षित और आधुनिक बनाने की दिशा में काम कर रहा है। ‘कवच’ प्रणाली का विस्तार इसी प्रयास का हिस्सा है। आने वाले समय में इसे देश के अन्य महत्वपूर्ण रेल मार्गों पर भी चरणबद्ध तरीके से लागू किया जाएगा, ताकि रेल दुर्घटनाओं में कमी आए और यात्रियों को अधिक सुरक्षित यात्रा का अनुभव मिल सके।

