नई दिल्ली. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को नई दिल्ली स्थित संविधान सदन के सेंट्रल हॉल में 28वें कॉमनवेल्थ स्पीकर्स एंड प्रेसिडिंग ऑफिसर्स कॉन्फ्रेंस (CSPOC) 2026 का उद्घाटन किया। इस अवसर पर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, विदेश मंत्री एस. जयशंकर और राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश नारायण सिंह ने प्रधानमंत्री का स्वागत किया।
42 देशों के 61 स्पीकर्स और प्रेसाइडिंग ऑफिसर्स शामिल
यह उच्चस्तरीय सम्मेलन लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला की अध्यक्षता में आयोजित हो रहा है, जिसमें 42 कॉमनवेल्थ देशों के 61 स्पीकर्स और प्रेसाइडिंग ऑफिसर्स भाग ले रहे हैं। इसके अलावा चार अर्ध-स्वायत्त संसदों के प्रतिनिधि भी सम्मेलन में शामिल हैं, जो इसकी वैश्विक महत्ता को दर्शाता है।
कनाडा, ब्रिटेन और ऑस्ट्रेलिया समेत कई देशों की भागीदारी
सम्मेलन में कनाडा, यूनाइटेड किंगडम और ऑस्ट्रेलिया सहित कई देशों के प्रतिनिधिमंडल हिस्सा ले रहे हैं। इसके अलावा नामीबिया के डिप्टी स्पीकर, त्रिनिदाद एंड टोबैगो, टोंगा, कैमरून, मलेशिया के प्रतिनिधिमंडल और ऑस्ट्रेलियाई उच्चायोग के अधिकारी भी मौजूद हैं। ऑस्ट्रेलिया की ओर से हाई कमिश्नर फिलिप ग्रीन प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर रहे हैं।
आधुनिक संसदीय चुनौतियों पर होगी चर्चा
जारी आधिकारिक बयान के अनुसार, CSPOC में लोकतांत्रिक संस्थाओं को सशक्त बनाने और आधुनिक विधायी प्रक्रियाओं को मजबूत करने से जुड़े समकालीन मुद्दों पर विचार-विमर्श किया जाएगा।
AI, सोशल मीडिया और संसद पर विशेष सत्र
सम्मेलन में जिन प्रमुख विषयों पर चर्चा होगी, उनमें शामिल हैं संसद में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस: नवाचार, निगरानी और अनुकूलन के बीच संतुलन” (मलेशिया द्वारा प्रस्तुत) सोशल मीडिया और उसका सांसदों पर प्रभाव” (श्रीलंका द्वारा प्रस्तुति) मतदान से आगे नागरिक सहभागिता और संसद की सार्वजनिक समझ बढ़ाने की नवाचारी रणनीतियां” (नाइजीरिया और दक्षिण अफ्रीका की भागीदारी)
सांसदों की सुरक्षा और स्वास्थ्य पर भी मंथन
इसके अलावा सांसदों और संसदीय कर्मचारियों की सुरक्षा, स्वास्थ्य और कल्याण से जुड़े मुद्दों पर भी अलग-अलग सत्र आयोजित किए जाएंगे। साथ ही, लोकतांत्रिक संस्थाओं को मजबूत बनाए रखने में स्पीकर्स और प्रेसाइडिंग ऑफिसर्स की भूमिका पर विशेष पूर्ण सत्र (प्लेनरी) भी होगा।
सम्मेलन से पहले हुई स्थायी समिति की बैठक
सम्मेलन से एक दिन पहले बुधवार को लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने 28वें CSPOC से पहले स्थायी समिति की बैठक की अध्यक्षता की थी।
14 से 16 जनवरी तक भारत में हो रहा आयोजन
14 से 16 जनवरी तक आयोजित हो रहा यह सम्मेलन अब तक का सबसे बड़ा CSPOC माना जा रहा है। CSPOC का 27वां संस्करण जनवरी 2024 में युगांडा में आयोजित हुआ था। वहीं, भारत को 28वें संस्करण की मेजबानी की जिम्मेदारी सौंपी गई थी, जिसे अब औपचारिक रूप से आयोजित किया जा रहा है।
