नई दिल्ली. भारतीय जनता पार्टी ने बुधवार को संगठन स्तर पर बड़ा बदलाव करते हुए 28 राज्यों और आठ केंद्र शासित प्रदेशों के लिए नए प्रदेश प्रभारी और सह-प्रभारियों की नियुक्ति की। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन की ओर से जारी सूची में कई वरिष्ठ नेताओं को नई संगठनात्मक जिम्मेदारियां दी गई हैं। पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी को हरियाणा और छत्तीसगढ़ का प्रभारी बनाया गया है। वहीं हरीश द्विवेदी को बिहार और कर्नाटक की जिम्मेदारी सौंपी गई है। ये नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू की गई हैं।
उत्तर प्रदेश की जिम्मेदारी विनोद तावड़े को
भाजपा ने विनोद तावड़े को उत्तर प्रदेश का प्रभारी नियुक्त किया है। उनके साथ जगदीश पटेल, मेधा कुलकर्णी, प्रदीप वर्मा और अनंत ओझा को सह-प्रभारी बनाया गया है। दिल्ली की जिम्मेदारी विनय सहस्रबुद्धे को दी गई है, जबकि जामयांग त्सेरिंग नामग्याल और दर्शनाबेन जरदोश सह-प्रभारी होंगे।
राम माधव को उत्तराखंड और तमिलनाडु का प्रभार
Change block type or style
Move Paragraph block from position 3 up to position 2
Move Paragraph block from position 3 down to position 4
Change text alignment
Displays more block tools
भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राम माधव को उत्तराखंड और तमिलनाडु का प्रभारी बनाया गया है। उत्तराखंड में अरविंद मेनन और बांसुरी स्वराज को सह-प्रभारी की जिम्मेदारी मिली है। तमिलनाडु में निर्मल कुमार सुराना और डीके अरुणा सह-प्रभारी होंगे। वहीं सुनील बंसल को तेलंगाना और पश्चिम बंगाल का प्रभारी नियुक्त किया गया है।
कई राज्यों में बदली संगठन की जिम्मेदारी
तरुण चुघ को गुजरात का प्रभारी बनाया गया है, जबकि सतीश पूनिया को जम्मू-कश्मीर और पंजाब की जिम्मेदारी मिली है। पंजाब में वीरेंद्र सचदेवा और अलका गुर्जर सह-प्रभारी होंगे। अनिल एंटनी को गोवा और नगालैंड का प्रभारी नियुक्त किया गया है। राजस्थान का प्रभार संजय भाटिया को मिला है, जहां कविता पाटीदार और कुलजीत चहल सह-प्रभारी होंगे। महाराष्ट्र की जिम्मेदारी पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बैजयंत जय पांडा को दी गई है। उनके साथ अमित मालवीय, सदानंद शेट तनवाडे और कमलजीत सहरावत सह-प्रभारी होंगे।
स्मृति ईरानी को नई संगठनात्मक जिम्मेदारी
स्मृति ईरानी को इससे पहले भाजपा की नई केंद्रीय टीम में राष्ट्रीय महासचिव बनाया गया था। अगस्त में हुए संगठनात्मक पुनर्गठन में पार्टी ने राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, राष्ट्रीय महासचिव और विभिन्न मोर्चों के अध्यक्षों समेत कई पदों पर नियुक्तियां की थीं। अब उन्हें हरियाणा और छत्तीसगढ़ जैसे दो राज्यों का संगठनात्मक प्रभार सौंपा गया है।
2027 के विधानसभा चुनावों से पहले संगठन में बदलाव
भाजपा की नई नियुक्तियां ऐसे समय हुई हैं जब कई राज्यों में 2027 में विधानसभा चुनाव प्रस्तावित हैं। नई सूची में उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, गोवा, मणिपुर, गुजरात और अन्य राज्यों के लिए भी संगठनात्मक जिम्मेदारियां तय की गई हैं। हालांकि इन नियुक्तियों का घोषित उद्देश्य पार्टी का संगठनात्मक प्रबंधन है, अलग-अलग राज्यों में आगामी चुनावी गतिविधियों के संदर्भ में इनकी भूमिका महत्वपूर्ण होगी।
भाजपा के नए प्रदेश प्रभारी और सह-प्रभारी
भाजपा की जारी सूची के अनुसार अंडमान-निकोबार की जिम्मेदारी जय प्रकाश, अरुणाचल प्रदेश की देवेश कुमार और आंध्र प्रदेश की जिम्मेदारी अरविंद भदौरिया को दी गई है। असम का प्रभार मंगल पांडे, झारखंड का गजेंद्र पटेल, हिमाचल प्रदेश का श्रीकांत शर्मा, मध्य प्रदेश का बिप्लब कुमार देब, ओडिशा का डी. पुरंदेश्वरी और मणिपुर का प्रभार राजदीप रॉय संभालेंगे।
केरल की जिम्मेदारी एम. नागराजा, महाराष्ट्र की बैजयंत जय पांडा, मेघालय की कनाद पुरकायस्थ, मिजोरम की भगवत कराड, पुदुचेरी की के. सुरेंद्रन, सिक्किम की राजू बिष्ट और तेलंगाना तथा पश्चिम बंगाल की जिम्मेदारी सुनील बंसल को दी गई है।
