नई दिल्ली. संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा 2026 रविवार, 24 मई को आयोजित की जाएगी। परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों के लिए आयोग ने जरूरी दिशा-निर्देश जारी किए हैं। उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि वे परीक्षा केंद्र पहुंचने से पहले अपने ई-एडमिट कार्ड पर नाम, फोटो और QR कोड समेत सभी जानकारियां अच्छी तरह जांच लें।
परीक्षा केंद्र पर क्या-क्या ले जाना अनिवार्य?
UPSC ने स्पष्ट किया है कि उम्मीदवारों को परीक्षा केंद्र पर कुछ जरूरी दस्तावेज और स्टेशनरी साथ लेकर जाना होगा। इनमें ई-एडमिट कार्ड की प्रिंटेड कॉपी, मूल फोटो पहचान पत्र, काला बॉलपॉइंट पेन, पेंसिल और पारदर्शी पानी की बोतल शामिल है।
यदि किसी उम्मीदवार की फोटो एडमिट कार्ड पर स्पष्ट नहीं है, तो उसे प्रत्येक सत्र के लिए दो पासपोर्ट साइज फोटो और हस्ताक्षरित अंडरटेकिंग भी साथ ले जानी होगी।
कितने बजे तक पहुंचे परीक्षा केंद्र?
आयोग ने उम्मीदवारों को समय से पहले परीक्षा केंद्र पहुंचने की सलाह दी है ताकि फ्रिस्किंग और पहचान सत्यापन की प्रक्रिया समय पर पूरी हो सके।
सुबह की पाली के लिए प्रवेश सुबह 9 बजे बंद कर दिया जाएगा, जबकि दोपहर की पाली के लिए प्रवेश दोपहर 2 बजे तक ही मिलेगा। इसके बाद किसी भी उम्मीदवार को प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी, चाहे वह कुछ मिनट की देरी से ही क्यों न पहुंचे।
उम्मीदवारों को यह भी सलाह दी गई है कि वे परीक्षा से एक दिन पहले परीक्षा केंद्र का दौरा कर लें, ताकि परीक्षा वाले दिन किसी तरह की परेशानी या भ्रम की स्थिति न बने।
परीक्षा हॉल में कौन-कौन सी चीजें पूरी तरह प्रतिबंधित?
UPSC ने परीक्षा केंद्रों पर इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों और अन्य सामानों को लेकर सख्त नियम लागू किए हैं। मोबाइल फोन, चाहे स्विच ऑफ ही क्यों न हो, परीक्षा हॉल में ले जाने की अनुमति नहीं होगी।
इसके अलावा स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ डिवाइस, कैमरा, पेजर, पेन ड्राइव, अन्य इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स, बैग और लगेज भी पूरी तरह प्रतिबंधित रहेंगे।
आयोग ने साफ किया है कि उम्मीदवारों के निजी सामान की सुरक्षा की जिम्मेदारी UPSC की नहीं होगी। कई केंद्रों पर सामान रखने की व्यवस्था उपलब्ध नहीं हो सकती, इसलिए अभ्यर्थियों को अनावश्यक वस्तुएं साथ न लाने की सलाह दी गई है।
हालांकि, बिना किसी संचार सुविधा वाली सामान्य कलाई घड़ी पहनने की अनुमति रहेगी।
उम्मीदवारों के लिए अन्य महत्वपूर्ण निर्देश
UPSC ने कहा है कि काले बॉलपॉइंट पेन के अलावा किसी अन्य पेन से भरे गए उत्तरों का मूल्यांकन नहीं किया जाएगा। दोनों प्रश्नपत्रों में निगेटिव मार्किंग लागू रहेगी।
उम्मीदवार केवल उसी परीक्षा केंद्र पर परीक्षा दे सकेंगे जो उन्हें आवंटित किया गया है। अपने स्वयं के स्क्राइब का उपयोग करने वाले उम्मीदवारों को स्क्राइब के लिए अलग ई-एडमिट कार्ड भी साथ रखना होगा।
जिन उम्मीदवारों ने मैट्रिकुलेशन के बाद अपना नाम बदला है, उन्हें नए नाम से जारी वैध सरकारी प्रमाण पत्र साथ लाना अनिवार्य होगा।
आयोग ने यह भी जानकारी दी है कि प्रारंभिक परीक्षा समाप्त होने के बाद प्रोविजनल आंसर-की जारी की जाएगी।
