शिमला. आय से अधिक संपत्ति मामले में हिमाचल प्रदेश के सीएम वीरभद्र सिंह अपनी पत्नी प्रतिभा सिंह सहित दिल्ली स्थित पटियाला हाउस कोर्ट में पेश हुए. सीबीआई ने कोर्ट में दलील दी कि जांच अधिकारी कोर्ट में उपस्थित नहीं है ऐसे में कागजात हैंडओवर नहीं किए जा सकते. इसी के चलते कोर्ट ने मामले की अगली सुनवाई 31अक्तूबर तय की है.
बता दें कि इस मामले में बीती 28 जुलाई को हुई सुनवाई के दौरान वीरभद्र सिंह व प्रतिभा सिंह सहित सात अन्य ने आवेदन दायर करके आरोप पत्र के साथ-साथ कुछ अन्य कागजात मांगे थे. कोर्ट ने इस दौरान जहां सीबीआई द्वारा दायर की गई चार्जशीट के दस्तावेजों की पड़ताल की, वहीं वकीलों द्वारा पेश की गई दलीलों के बाद मामले की सुनवाई 30 अगस्त के लिए निर्धारित की थी.
आय से अधिक संपत्ति मामले में सीएम वीरभद्र सिंह पर सीबीआई और प्रवर्तन निदेशालय ने सिंतबर 2015 में मामला दर्ज किया था. जिसके बाद सीएम के सभी रिहायशी ठिकानों पर एक साथ छापामारी की गई थी. सीबीआई ने मामले में चार्जशीट दाखिल करते हुए कहा था कि वीरभद्र सिंह ने अपनी आय से 192 प्रतिशत ज्यादा संपत्ति जमा की है.
मामले की सुनवाई 31अक्टूबर तक टलने से वीरभद्र सिंह परिवार को बड़ी राहत मिली है. विपक्षी भाजपा लगातार प्रयास कर रही थी कि मामले में जल्द फैसला हो और वीरभद्र सिंह को सत्ता से बाहर खदेड़ा जा सके लेकिन लाख कोशिशों के बावजूद वीरभद्र सिंह इस मामले को आगे खिंचवाने में कामयाब हुए.
