नई दिल्ली: Election Commission of India ने रविवार, 15 मार्च को पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, केरल, असम और केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी में होने वाले विधानसभा चुनावों की तारीखों का ऐलान कर दिया है। चुनाव आयोग के मुताबिक इन राज्यों में मतदान अप्रैल में अलग-अलग चरणों में होगा, जबकि सभी राज्यों के नतीजे 4 मई को घोषित किए जाएंगे।
चुनाव आयोग के अनुसार असम, केरल और पुडुचेरी में 9 अप्रैल को मतदान होगा। वहीं तमिलनाडु में 23 अप्रैल को वोट डाले जाएंगे।
पश्चिम बंगाल में चुनाव दो चरणों में होंगे
पश्चिम बंगाल में चुनाव दो चरणों में होंगे। राज्य में पहला चरण 23 अप्रैल और दूसरा चरण 29 अप्रैल को होगा। इन सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेश के चुनाव परिणाम 4 मई को घोषित किए जाएंगे।
आयोग के अनुसार इन राज्यों में लगभग 17.4 करोड़ मतदाता चुनाव प्रक्रिया में हिस्सा लेंगे। मतदान के लिए करीब 2.19 लाख पोलिंग स्टेशन बनाए जाएंगे।
चुनाव आयोग ने बताया कि चुनाव को लेकर सभी प्रमुख तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इसमें चुनावी तैयारियों की समीक्षा, मतदाता सूची को अंतिम रूप देना और सुरक्षा व्यवस्था का आकलन शामिल है। खासतौर पर पश्चिम बंगाल में शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए केंद्रीय सुरक्षा बलों की व्यापक तैनाती की तैयारी की गई है।
चुनाव की तारीखों की घोषणा के साथ ही सभी राज्यों में आचार संहिता (Model Code of Conduct) तत्काल प्रभाव से लागू हो गई है।
इन राज्यों की विधानसभाओं का कार्यकाल मई और जून के बीच समाप्त हो रहा है। पश्चिम बंगाल विधानसभा का कार्यकाल 7 मई, तमिलनाडु का 10 मई, असम का 20 मई, केरल का 23 मई और पुडुचेरी विधानसभा का कार्यकाल 15 जून को खत्म होगा।
आम तौर पर तमिलनाडु, केरल और पुडुचेरी में चुनाव एक ही चरण में होते हैं, जबकि क्षेत्रफल और सुरक्षा कारणों के चलते पश्चिम बंगाल और असम में कई चरणों में मतदान कराया जाता है।
