नई दिल्ली. शुक्रवार को भाजपा की संसदीय दल की बैठक के दौरान तीन देशों की यात्रा पर निकलने से पहले पीएम नरेंद्र मोदी ने पार्टी नेताओं के साथ बैठक की. बीजेपी की संसदीय समिति की बैठक में पीएम मोदी ने पार्टी नेताओं से कहा कि बूथों पर अपने-अपने टिफिन लेकर जाएं और लोगों के साथ मिलकर खाना खाएं. उन्होंने नेताओं से कहा कि जनता के बीच जाएं और बजट को समझाएं कि यह सबके लिए कल्याणकारी है.
पार्टी अध्यक्ष अमित शाह ने कहा कि “राहुल गांधी की राजनीति की शैली अलोकतांत्रिक है. इसलिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की स्पीच के दौरान ऐसी अड़चनें पैदा की गईं.” राफेल सौदे को लेकर बढ़ते विवाद के बीच शुक्रवार को भाजपा की संसदीय दल की बैठक हुई. जिसमें कांग्रेस के आरोपों से निपटने की रणनीति पर चर्चा हुई. बैठक के बाद संसदीय कार्य मंत्री अनंत कुमार ने पत्रकारों को यह जानकारी दी.
अनंत कुमार ने यह भी कहा कि राफेल सौदे की मुख्य बातें बताई जा चुकी हैं और आगे भी बताई जाएंगी, लेकिन हर एक चीज को लेकर चर्चा करना देश हित में कितना उचित होगा? आपको बता दें कि बैठक में पीएम मोदी और गृह मंत्री राजनाथ सिंह भी मौजूद थे. भाजपा की संसदीय दल की बैठक उस वक्त हुई है जब बजट सत्र के दौरान संसद में पार्टी को राफेल सौदे को लेकर विपक्ष के भारी विरोध का सामना करना पड़ा. वहीं कांग्रेस नेता रेणुका चौधरी की हंसी पर पीएम मोदी और किरण रिजिजू की टिप्पणी को लेकर भी बवाल मच गया है.
राहुल गांधी रॉफेल लड़ाकू विमान की खरीद को लेकर सरकार पर लगातार हमला बोल रहे हैं. हालांकि गुरुवार को लोकसभा में राफेल सौदे पर आरोपों का वित्त मंत्री अरुण जेटली ने करारा जवाब दिया. उन्होंने कांग्रेस पार्टी पर देश की सुरक्षा से खिलवाड़ करने का आरोप लगाया. जेटली ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चार साल स्वच्छ सरकार चलाई है और कांग्रेस के भ्रष्टाचार के झूठे आरोप लगा रहे हैं. राफेल विवाद पर जेटली ने कहा कि “गोपनीयता रक्षा सौदे की जानकारी सार्वजनिक नहीं होनी चाहिए. ऐसी जानकारी मांग कर कांग्रेस पार्टी राष्ट्रीय सुरक्षा से खिलवाड़ कर रही है.”
