शिमला. हिमाचल प्रदेश की नवनिर्वाचित जयराम सरकार का पहला बजट सत्र 6 मार्च से शिमला में शुरू होगा. हिमाचल प्रदेश विधानसभा ने इस सत्र को लेकर अधिसूचना जारी कर दी है. इसके मुताबिक 6 मार्च से शुरू होने वाला बजट सत्र 5 अप्रैल तक चलेगा जिसमें कुल 17 बैठकें होंगी.
वित्तीय वर्ष 2017-18 का अनुपूरक बजट 6 मार्च को पेश किया जाएगा. जबकि आगामी वित्तीय वर्ष 2018-19 का आम बजट मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर द्वारा 9 मार्च को पेश किया जाएगा. वित्त मंत्री का जिम्मा मुख्यमंत्री ने अपने पास ही रखा है. सत्र के दौरान दो दिन प्राइवेट मेम्बर्स बिज़नेस के लिए रखे गए हैं. जबकि 17 से 25 मार्च तक अवकाश रहेगा.
विधानसभा अध्यक्ष राजीव बिंदल ने उम्मीद जताई है कि बजट सत्र में विधायकगण प्रदेश हित्त के विभिन्न मुद्दों को उठाकर इस सत्र का सदुपयोग करेंगे.
