नई दिल्ली. केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा है कि पिछले 12 वर्षों में भारत की सौर ऊर्जा क्षमता 2.8 गीगावाट से बढ़कर 155 गीगावाट तक पहुंच गई है। उन्होंने इसे देश की ऊर्जा क्षेत्र में एक ऐतिहासिक उपलब्धि बताया।
सोशल मीडिया पोस्ट में दी जानकारी
मंत्री शेखावत ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में बताया कि देश में अब 40 लाख से अधिक घर सौर ऊर्जा से रोशन हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि कृषि क्षेत्र में सौर ऊर्जा क्षमता का दोगुना होना पर्यावरण संरक्षण के साथ प्रगति का स्पष्ट संकेत है।
किसानों की भूमिका में बदलाव
उन्होंने कहा कि भारत के किसान अब केवल अन्नदाता ही नहीं बल्कि ऊर्जा उत्पादक भी बन रहे हैं। यह बदलाव ग्रामीण अर्थव्यवस्था और ऊर्जा आत्मनिर्भरता की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
500 गीगावाट नवीकरणीय ऊर्जा लक्ष्य की ओर भारत
मंत्री ने आगे कहा कि हर छत को सौर ऊर्जा से जोड़ने, हर घर को ऊर्जा केंद्र और हर खेत को ऊर्जा उत्पादन का माध्यम बनाने के संकल्प के साथ भारत तेजी से 500 गीगावाट नवीकरणीय ऊर्जा क्षमता के लक्ष्य की ओर बढ़ रहा है। इस दिशा में सौर ऊर्जा का विस्तार देश के ऊर्जा भविष्य को मजबूत कर रहा है।
