शिमला. हिमाचल प्रदेश के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा सहकारिता मंत्री डॉ. राजीव सैजल ने गत दिवस नई दिल्ली में केन्द्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री थावर चंद गहलोत से भेंट की.डॉ. सैजल ने केन्द्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री को हिमाचल प्रदेश में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग द्वारा कार्यान्वित की जा रही विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी प्रदान की.
उन्होंने कहा कि वर्तमान प्रदेश सरकार समाज के सभी वर्गों के सामाजिक-आर्थिक उत्थान के लिए कृत संकल्प है. प्रदेश सरकार महिलाओं को विकास में समान भागीदारी दिलवाने के लिए हर संभव प्रयास करेगी. इसी दौरान उन्होंने प्रदेश सरकार द्वारा महिलाओं से संबंधित अपराधों की रोकथाम के लिए राज्य में गुड़िया की स्थापना की भी जानकारी दी.
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री ने केन्द्रीय मंत्री को प्रदेश में वरिष्ठ नागरिकों के कल्याण के लिए चलाई जा रही योजनाओं की जानकारी भी दी. वर्तमान प्रदेश सरकार ने सत्ता में आते ही वरिष्ठ नागरिकों को बिना आय सीमा के दी जा रही सामाजिक सुरक्षा पैंशन की आयु सीमा को 80 से घटाकर 70 वर्ष किया है, जिससे प्रदेश के हजारों वरिष्ठ नागरिक लाभान्वित होंगे.
उन्होंने केन्द्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री से हिमाचल प्रदेश में विभाग की विभिन्न योजनाओं के लिए अधिक धनराशि आबंटित करने का आग्रह किया.
केन्द्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री थावर चंद गहलोत ने कहा कि केन्द्र सरकार पूर्व में भी हिमाचल प्रदेश को भरपूर सहायता प्रदान करती आ रही है. उन्होंने विश्वास दिलाया कि भविष्य में भी हिमाचल प्रदेश को समुचित धनराशि उपलब्ध करवाई जाएगी.