नई दिल्ली. राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) ने मेडिकल स्नातक पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए आयोजित होने वाली NEET UG री-एग्जामिनेशन के एडमिट कार्ड जारी कर दिए हैं। परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थी अब आधिकारिक वेबसाइट neet.nta.nic.in पर जाकर अपना प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकते हैं।
एनटीए के अनुसार NEET UG पुनर्परीक्षा 21 जून को आयोजित की जाएगी। परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजकर 15 मिनट तक चलेगी। अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र पर समय से पहले पहुंचने और एडमिट कार्ड में दिए गए सभी निर्देशों का पालन करने को कहा गया है।
बैंक खाते की जानकारी सत्यापित करने की सलाह
एजेंसी ने उम्मीदवारों को सलाह दी है कि एडमिट कार्ड डाउनलोड करने से पहले वे अपने बैंक खाते की जानकारी को सत्यापित कर लें। यह प्रक्रिया संभावित रिफंड से संबंधित मामलों के लिए आवश्यक बताई गई है।
इसके साथ ही एनटीए ने अभ्यर्थियों से कहा है कि वे एडमिट कार्ड पर अंकित निर्देशों और सूचना बुलेटिन को ध्यानपूर्वक पढ़ें, ताकि परीक्षा के दिन किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
परीक्षा को लेकर तैयारियां पूरी
री-एग्जाम के सुचारू और पारदर्शी संचालन के लिए राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी और संबंधित प्रशासनिक संस्थाएं तैयारियों को अंतिम रूप दे रही हैं। परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा और निगरानी के विशेष इंतजाम किए गए हैं, ताकि परीक्षा प्रक्रिया की निष्पक्षता और विश्वसनीयता सुनिश्चित की जा सके।
