शिमला ग्रामीण (शिमला). यदि आपके आस पड़ोस या घर से कूड़ा नहीं उठ रहा है, या फिर सफाई नहीं हो रही है तो आप आॅनलाइन ऐप की सहायता से शिकायत कर सकते हैं. शिकायत मिलते ही नगर निगम तुरंत आपकी परेशानी दूर कर देगा. देशभर में हो रहे स्वच्छता सर्वेक्षण से ठीक पहले नगर निगम शिमला शहरवासियों को बड़ी सुविधा देने जा रहा है.
अंक तय करेंगे कि आपका शहर कितना साफ सुथरा है
नगर निगम का कहना है कि लोग अपने मोबाइल के प्ले स्टोर में जाकर स्वच्छता ऐप डाउनलोड करें. इसके बाद यदि आपके आसपास सफाई नहीं हो रही है तो तुरंत उसका फोटो डालकर शिकायत कर दें. नगर निगम तुरंत मौके पर कर्मचारी भेजेगा और सफाई करवाएगा.
दरअसल शहरवासियों की शिकायतें तुरंत निपटाने को लेकर शिमला शहर को अंक मिलने वाले है. यह अंक तय करेंगे कि आपका शहर कितना साफ सुथरा है. देशभर के चार हजार शहरों में यह सर्वेक्षण होने वाला है. ऐसे में नगर निगम भी चाहता है कि हर श्रेणी में उसे अच्छे अंक मिले और टाॅप सौ शहरों में उसका नाम शामिल हो सके.
ऐसे डाउनलोड करें ऐप
शहरवासी अपने मोबाइल के प्ले स्टोर में जाएं. यहां स्वच्छता ऐप टाइप करें. इसके बाद इसे डाउनलोड करें. ऐप आपका मोबाइल नंबर पूछेगा. नंबर डालने पर एक कोड जनरेट होगा. यह कोड और लोकेशन डालने के बाद आपका ऐप चालू हो जाएगा. शहर के किसी भी हिस्से से आप इसमें शिकायतें कर सकते है. शिमला में स्वच्छ भारत मिशन के नोडल अफसर नीरज मोहन ने बताया कि आने वाले दिनों में इस ऐप को पापुलर करने के लिए अभियान भी चलाया जाएगा.
