नई दिल्ली. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू बुधवार को हरियाणा के अंबाला एयरफोर्स बेस से राफेल फाइटर जेट में सॉर्टी (उड़ान) भरेंगी। राष्ट्रपति भवन की ओर से मंगलवार को जारी बयान में कहा गया, “भारत की राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू अंबाला, हरियाणा का दौरा करेंगी, जहां वे राफेल विमान में उड़ान भरेंगी।”
राफेल जेट्स का इस्तेमाल भारत द्वारा 22 अप्रैल को पहलगाम में हुए आतंकी हमले के जवाब में चलाए गए ऑपरेशन सिंदूर में किया गया था।
पहले भी भरी थी फाइटर जेट से उड़ान
राष्ट्रपति मुर्मू इससे पहले भी फाइटर जेट में उड़ान भर चुकी हैं। 8 अप्रैल 2023 को उन्होंने असम के तेजपुर एयरफोर्स स्टेशन से सुखोई-30 एमकेआई विमान में सॉर्टी की थी। वे ऐसा करने वाली तीसरी राष्ट्रपति और दूसरी महिला राष्ट्रपति हैं।
उनसे पहले पूर्व राष्ट्रपति डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम ने 8 जून 2006 को और प्रतिभा पाटिल ने 25 नवंबर 2009 को पुणे के लोहेगांव एयरफोर्स स्टेशन से सुखोई-30 एमकेआई में उड़ान भरी थी।
राफेल फाइटर जेट के बारे में
राफेल फाइटर जेट फ्रांस की डसॉल्ट एविएशन (Dassault Aviation) कंपनी द्वारा निर्मित है। इसे सितंबर 2020 में औपचारिक रूप से भारतीय वायुसेना में शामिल किया गया था।
पहले पांच राफेल विमान 27 जुलाई 2020 को फ्रांस से भारत पहुंचे थे और इन्हें 17 स्क्वाड्रन “गोल्डन एरो” में शामिल किया गया था।
हाल ही में राफेल विमानों ने 7 मई को शुरू हुए ऑपरेशन सिंदूर में अहम भूमिका निभाई थी, जिसमें पाकिस्तान नियंत्रित क्षेत्रों में स्थित कई आतंकी ठिकानों को निशाना बनाया गया था। यह अभियान 10 मई को सैन्य कार्रवाई रोकने के समझौते के साथ समाप्त हुआ।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 29 अक्तूबर को अंबाला एयरफोर्स बेस से राफेल फाइटर जेट में भरेंगी उड़ान

Leave a comment