नई दिल्ली. भगवान जगन्नाथ की पवित्र रथ यात्रा के शुभ अवसर पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने देश-विदेश में रहने वाले सभी श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं दी हैं। सभी नेताओं ने इस पर्व को आस्था, भक्ति, एकता और भारतीय संस्कृति का प्रतीक बताते हुए लोगों के सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।
राष्ट्रपति ने देशवासियों की खुशहाली की कामना की
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने अपने संदेश में कहा कि ऐसी मान्यता है कि रथ यात्रा के दौरान महाप्रभु श्री जगन्नाथ, चक्रराज सुदर्शन, भगवान बलभद्र और देवी सुभद्रा अपने भक्तों के दर्शन देने के लिए बाहर आते हैं। उन्होंने कामना की कि महाप्रभु जगन्नाथ का आशीर्वाद पूरे देश और सभी नागरिकों के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि लेकर आए।
उपराष्ट्रपति ने बताया एकता और समानता का पर्व
उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन ने कहा कि जगन्नाथ रथ यात्रा आस्था, भक्ति, समानता और सामूहिक सद्भाव का संदेश देती है। उन्होंने कहा कि यह पर्व भारत की समृद्ध सांस्कृतिक और सभ्यतागत विरासत को भी दर्शाता है।
पीएम मोदी ने बताया भारतीय संस्कृति का प्रतीक
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रथ यात्रा को भारत की प्राचीन आध्यात्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि यह पर्व विनम्रता, सामूहिक भागीदारी और निस्वार्थ सेवा की भावना को मजबूत करता है। प्रधानमंत्री ने सभी देशवासियों के सुख, समृद्धि और अच्छे स्वास्थ्य की कामना की।
अमित शाह ने दी शुभकामनाएं
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि विश्व प्रसिद्ध जगन्नाथ रथ यात्रा आस्था, विश्वास और भक्ति का महान पर्व है। उन्होंने कहा कि यह यात्रा भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ाने का कार्य करती है। गृह मंत्री ने सभी लोगों के सुखी और स्वस्थ जीवन की कामना की।
