कुल्लू. कुल्लू में सुबह से ही आसमान में बादल छाए हुए है. वही, ऊंची चोटियों पर बारिश व हिमपात हुआ है. लाहौल व कुल्लू को जोड़ने वाले रोहतांग दर्रे पर भी हल्का हिमपात हुआ है. बर्फबारी के साथ ही लोगों का जीवन अस्त व्यस्त हो गया.
एचआरटीसी बस को कुल्लू से रवाना नहीं किया गया
ताजा हिमपात के चलते बुधवार को एचआरटीसी की लाहौल जाने वाली बस को कुल्लू से रवाना नहीं किया गया. इसके साथ ही लाहौल से कुल्लू आने वाली बस को भी केलांग में ही रोक लिया गया. दर्रे पर हिमपात के चलते सड़क बर्फ से ढक गई. ठंड के कारण पानी भी सड़क पर जम गया है. ऐसे में दुर्घटना से बचने के लिए निगम ने बस सेवा को एक दिन के लिए रोक दिया.
वही, अगर मौसम साफ रहता है तो दोबारा लाहौल के लिए बस सेवा को बहाल किया जा सकता है. ताकि लाहौल जाने वाले लोगों को सुविधा मिल सके. गौर रहे कि रोहतांग दर्रा आधिकारिक तौर पर बन्द होने के बाद भी निगम लोगों की सुविधा के लिए बसों को केलांग भेज रहा है. बस सुविधा शुरू होने से लोगों को टैक्सी में महंगे सफर से राहत मिली है. एचआरटीसी के क्षेत्रीय प्रबंधक मंगल चन्द मनेपा ने बताया कि बुधवार को दर्रे पर बर्फबारी होने के चलते बस सेवा को फिलहाल बंद कर दिया गया है. अगर आने वाले दिनों में मौसम साफ रहता है तो दोबारा बस सेवा को शुरू कर दिया जाएगा.
