शिमला. राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला खलग में एनएसएस स्वयंसेवियों द्वारा अंतरराष्ट्रीय स्वयंसेवी दिवस मनाया गया. इस दिन विद्यालय परिसर के आसपास स्वच्छता अभियान भी चलाया गया.
कार्यक्रमों में बढ़चढ़ कर भाग लेना चाहिए
एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी रणजीत सिंह ने विद्यालय में उपस्थित स्वयंसेवियों को कहा कि हमारी युवा पीढ़ी को समाज सेवा जैसे कार्यक्रमों में बढ़चढ़ कर भाग लेना चाहिए. समाज सेवा हमारे जीवन का अभिन्न अंग है, समाज सेवा का आरंभ हम अपने आस-पास से कर सकते हैं.
स्वयंसेवियों ने इस दिन विद्यालय परिसर के आस-पास स्वच्छता अभियान भी चलाया. प्रधानाचार्य राजेश चौहान ने अपने संबोधन में स्वयंसेवियों को श्रमदान के महत्त्व के बारे में जानकारी दी. उन्होंने कहा कि समाज सेवा को आधार बना कर मनुष्य अपने जीवन में ऊंचाइयों को छू सकता है.
इस अवसर पर एनएसएस स्वयं सेवियों शिवम और आरुषि ने अंतरराष्ट्रीय स्वयंसेवी दिवस पर अपने-अपने विचार रखे, जिससे स्कूल में उपस्थित अध्यापक तथा विद्यार्थी बहुत प्रभावित हुए.
