नई दिल्ली. चुनाव आयोग ने असम, पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, केरल और पुडुचेरी में लागू आदर्श आचार संहिता (MCC) को तत्काल प्रभाव से हटा दिया है। इन राज्यों और केंद्र शासित प्रदेश में विधानसभा चुनावों के नतीजे घोषित होने के बाद आयोग ने यह फैसला लिया।
चुनाव आयोग ने इस संबंध में केंद्रीय कैबिनेट सचिव, राज्यों के मुख्य सचिवों और मुख्य निर्वाचन अधिकारियों को आधिकारिक सूचना भेजी है। आयोग ने कहा कि चुनाव परिणाम घोषित होने के साथ ही इन राज्यों में आदर्श आचार संहिता अब प्रभावी नहीं रहेगी।
उपचुनाव वाले राज्यों में भी हटाई गई MCC
चुनाव आयोग ने उन राज्यों में भी आचार संहिता हटाने की घोषणा की है, जहां विधानसभा उपचुनाव कराए गए थे। MCC हटने के बाद अब सरकारें और प्रशासनिक विभाग नई योजनाओं और फैसलों को लागू कर सकेंगे।
पश्चिम बंगाल की फलता सीट पर जारी रहेगी आचार संहिता
हालांकि पश्चिम बंगाल की फलता विधानसभा सीट पर आचार संहिता अभी लागू रहेगी। चुनाव आयोग ने इस सीट पर दोबारा मतदान कराने का आदेश दिया है।
फलता विधानसभा क्षेत्र में 21 मई को मतदान होगा, जबकि वोटों की गिनती 24 मई को की जाएगी। इसी कारण वहां चुनाव प्रक्रिया पूरी होने तक MCC प्रभावी रहेगी।
चुनाव परिणाम के बाद प्रशासनिक गतिविधियों को मिलेगी रफ्तार
आचार संहिता हटने के बाद केंद्र और राज्य सरकारों की लंबित परियोजनाओं, घोषणाओं और प्रशासनिक फैसलों को फिर से गति मिलने की उम्मीद है। चुनाव अवधि के दौरान नई योजनाओं और सरकारी घोषणाओं पर रोक लगी हुई थी।
