नई दिल्ली. भारत आने वाले विदेशी नागरिकों और वीजा आवेदकों के लिए सरकार ने वीजा व्यवस्था को सरल बनाने की दिशा में बड़ा बदलाव किया है। नई व्यवस्था के तहत मुख्य वीजा श्रेणियों की संख्या 13 से घटाकर 9 कर दी गई है, जबकि उप-श्रेणियों को 49 से कम करके 23 किया गया है। इसके साथ ही वीजा आवेदन फॉर्म में भी बदलाव किया गया है, जिससे अलग-अलग श्रेणियों में फॉर्म के फील्ड्स की संख्या 65 से 70 प्रतिशत तक कम हो गई है।
टूरिस्ट वीजा का नाम बदलकर हुआ विजिटर वीजा
नई व्यवस्था में टूरिस्ट वीजा (Tourist Visa) का नाम बदलकर विजिटर वीजा (Visitor Visa) कर दिया गया है। वहीं, मेडिकल वीजा (Medical Visa) के नियमों में भी राहत दी गई है। अब मेडिकल वीजा धारकों को एक साल की मल्टीपल एंट्री वैधता मिलेगी। इससे इलाज के लिए भारत आने वाले विदेशी नागरिकों को बार-बार वीजा लेने की जरूरत कम होगी।
आवेदन प्रक्रिया में कम होगी कागजी कार्रवाई
सरकार ने वीजा आवेदन प्रक्रिया को आसान बनाने के लिए फॉर्म में मांगी जाने वाली जानकारी के फील्ड्स में 65 से 70 प्रतिशत तक कटौती की है। मुख्य और उप-वीजा श्रेणियों की संख्या घटाने से आवेदकों के लिए सही श्रेणी चुनना और आवेदन प्रक्रिया पूरी करना पहले के मुकाबले आसान होने की उम्मीद है।
2026 के अंत तक लागू हो सकता है नया ढांचा
सरकार की ओर से तैयार किए गए संशोधित वीजा ढांचे को 2026 के अंत तक लागू किए जाने की संभावना है। इस बदलाव का उद्देश्य भारत की वीजा प्रक्रिया को अधिक सरल और सुविधाजनक बनाना है, ताकि पर्यटन, चिकित्सा और अन्य आवश्यक कामों के लिए भारत आने वाले विदेशी नागरिकों को बेहतर सुविधा मिल सके।
