हमीरपुर(भोरंज). लदरौर बाजार में जाम की समस्या लगातार विकराल रूप धारण करती जा रही है. उपमंडल भोरंज का मुख्य कस्बा होने के कारण दिन भर यहां से सैकड़ों वाहन गुजरते हैं. यहां पर प्रसिद्ध संतोषी माता मंदिर होने के कारण हजारों श्रद्धालु माता रानी के दर्शनों के लिए भी आते हैं. इस कारण वाहनों की आवाजाही होने से बाजार में बार-बार जाम की स्थिति उत्पन्न होती है. लेकिन इस समस्या को सड़क के किनारे बेतरतीब पार्क किए दोपहिया वाहन व गाड़ियां और भी गंभीर बना देते हैं.
लदरौर बाजार में दो पुलिस कर्मी तैनात हैं, जो यातायात व्यवस्था को सुधारने का भरसक प्रयास कर रहे हैं, लेकिन समस्या के लिहाज से उनकी संख्या पर्याप्त नहीं है.
पार्किंग और बस अड्डा न होने से परेशानी
स्थानीय नागरिकों जगदीश कश्यप, आदिल, गुरप्रीत सिंह, टिंकू शर्मा आदि का कहना है कि यहां पर जाम की समस्या का सबसे बड़ा कारण पार्किंग का न होना है, जिसके कारण बाजार में दोपहिया वाहन सहित अन्य गाड़ियां बेतरतीब खड़ी रहती हैं.
इसके अलावा संतोषी माता मंदिर के पास वाहनों की तीन तरफा आवाजाही है, जिसके चलते यहां पर दिन में कई बार जाम लगता है. बस स्टैंड न होने के कारण सड़क किनारे बसें खड़ी की जाती है. इस समस्या से छुटकारा तभी मिल सकता है जब वाहनों के लिए पार्किंग की सुविधा हो और यहां बस अड्डे का निर्माण हो जाए.
