नई दिल्ली. साल 2004 में लोकसभा चुनाव के बाद देश की राजनीति में एक ऐसा घटनाक्रम हुआ, जिसने भारतीय राजनीति की दिशा बदल दी। कांग्रेस के नेतृत्व वाले गठबंधन को जीत मिली और सोनिया गांधी के प्रधानमंत्री बनने की चर्चा तेज हो गई। उस समय कई सहयोगी दलों के नेताओं ने उनसे प्रधानमंत्री पद संभालने की अपील की थी। लेकिन सोनिया गांधी ने आखिरकार यह पद स्वीकार नहीं किया और पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह को इस जिम्मेदारी के लिए आगे किया।
अब सोनिया गांधी ने अपनी नई किताब ‘Belonging: A Journey of Love’ में इस पूरे घटनाक्रम से जुड़े कई अनकहे पहलुओं का खुलासा किया है। उन्होंने बताया है कि प्रधानमंत्री बनने को लेकर उनका मन शुरू से ही तैयार नहीं था। पहले उन्होंने अपने बच्चों से साफ कह दिया था कि वह किसी भी हाल में प्रधानमंत्री नहीं बनेंगी। बाद में गठबंधन के नेताओं के दबाव में उन्होंने बेहद धीमी आवाज में ‘ठीक है’ कह दिया, लेकिन रातभर विचार करने के बाद अपने पुराने फैसले पर कायम रहीं।
बच्चों के सामने ही कह दिया था- ‘बिल्कुल नहीं’
सोनिया गांधी ने किताब में बताया है कि 2004 के लोकसभा चुनाव से कुछ महीने पहले उन्होंने अपने बच्चों राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा के साथ इस मुद्दे पर बातचीत की थी। उस दौरान बच्चों में से एक ने उनसे सीधे पूछा था कि अगर कांग्रेस चुनाव जीत जाती है तो क्या वह प्रधानमंत्री पद स्वीकार करेंगी?
इस सवाल पर सोनिया गांधी ने तुरंत जवाब दिया था, ‘बिल्कुल नहीं।’ जब बच्चों ने दोबारा पूछा कि क्या वह अपने फैसले को लेकर पूरी तरह निश्चित हैं, तो उन्होंने कहा था कि वह इस बारे में बिल्कुल स्पष्ट हैं।
सोनिया के मुताबिक, राहुल और प्रियंका भी नहीं चाहते थे कि वह प्रधानमंत्री बनें। दोनों ने अपनी दादी इंदिरा गांधी की हत्या और पिता राजीव गांधी की बर्बर हत्या का दर्द करीब से देखा था। उनके मन में प्रधानमंत्री पद को लेकर सुरक्षा संबंधी चिंताएं थीं। उन्हें लगता था कि इस पद पर बैठने से उनकी मां के लिए खतरा बढ़ सकता है।
सोनिया गांधी लिखती हैं कि बच्चों के सामने अपनी बात साफ रखने के बाद उन्हें भी राहत महसूस हुई थी। इसके बाद उन्होंने इस विषय पर किसी और से चर्चा नहीं की। चुनाव प्रचार के दौरान जब भी उनसे प्रधानमंत्री बनने को लेकर सवाल पूछा गया, तो उन्होंने कोई स्पष्ट जवाब देने के बजाय बात को टाल दिया।
गठबंधन के नेताओं के दबाव में कहा- ‘ठीक है’
किताब में सोनिया गांधी ने 10 जनपथ स्थित अपने आवास पर हुई उस बैठक का भी जिक्र किया है, जिसने पूरे घटनाक्रम को नया मोड़ दिया। चुनाव में जीत के बाद गठबंधन के कई नेता उनके साथ बैठक करने पहुंचे थे। बैठक के दौरान सभी नेताओं ने बारी-बारी से उनसे प्रधानमंत्री पद स्वीकार करने की अपील की।
सोनिया गांधी के अनुसार, वह काफी देर तक चुपचाप उनकी बातें सुनती रहीं। जब बैठक समाप्त होने लगी और सभी नेता उनकी प्रतिक्रिया का इंतजार करने लगे, तब उन्होंने हिम्मत जुटाकर अपना फैसला बताया।
लेकिन उनके इनकार से वहां मौजूद नेता सहमत नहीं हुए। कुछ नेता अपनी जगह से उठकर उनके पास आ गए। उन्होंने कहा कि वे उनका फैसला स्वीकार नहीं करेंगे और सोनिया गांधी इस तरह प्रधानमंत्री पद ठुकरा नहीं सकतीं।
सोनिया गांधी लिखती हैं कि नेताओं का रवैया काफी दबाव बनाने वाला था। वह इस स्थिति से घबरा गईं और खुद को घिरा हुआ महसूस करने लगीं। इसी दौरान उन्होंने बेहद धीमी आवाज में कहा, ‘ठीक है।’
उनके इतना कहते ही वहां मौजूद नेताओं ने उन्हें बधाई देना शुरू कर दिया। वे यह समझ बैठे कि सोनिया गांधी ने प्रधानमंत्री बनने का प्रस्ताव स्वीकार कर लिया है।
मां के ‘हां’ कहते ही रो पड़ी थीं प्रियंका
सोनिया गांधी ने बताया कि बैठक के दौरान प्रियंका गांधी घर के बाहर इंतजार कर रही थीं। जैसे ही उन्हें अपनी मां के प्रधानमंत्री पद स्वीकार करने की बात पता चली, वह परेशान होकर घर के अंदर राहुल गांधी को ढूंढने पहुंचीं।
प्रियंका ने राहुल से कहा कि मां ने गठबंधन के नेताओं की बात मान ली है और प्रधानमंत्री बनने के लिए हां कह दी है। यह सुनकर राहुल गांधी हैरान रह गए। वह तुरंत प्रियंका के साथ सोनिया गांधी के पास पहुंचे।
सोनिया के मुताबिक, राहुल ने उनसे पूछा कि क्या उन्होंने सच में हां कह दी है। इस पर सोनिया ने जवाब दिया कि नेता उनकी बात सुनने को तैयार नहीं थे और उन पर दबाव बनाया जा रहा था। उन्होंने यह भी कहा कि वह प्रधानमंत्री नहीं बनना चाहतीं और राहुल यह बात पहले से जानते हैं।
राहुल गांधी इस बात से नाराज हो गए। वहीं, प्रियंका ने अपनी मां से कहा कि उन्हें किसी के दबाव में आने की जरूरत नहीं है और उन्हें वही करना चाहिए, जो उन्होंने पहले तय किया था। प्रियंका ने भरोसा दिलाया कि वह और राहुल उनके फैसले के साथ खड़े हैं।
रातभर सोचने के बाद बदला फैसला
सोनिया गांधी ने लिखा है कि गठबंधन के नेताओं की बैठक और बच्चों के साथ हुई बातचीत के बाद वह काफी थक गई थीं। रातभर असमंजस में रहने के बाद उन्हें अपने शुरुआती फैसले की अहमियत समझ आई।
उन्होंने खुद से कहा कि उन्हें अपने मन की बात सुननी चाहिए और उसी फैसले पर कायम रहना चाहिए, जिसे वह पहले से सही मानती आई हैं।
कुछ घंटों बाद वह राहुल गांधी के कमरे में गईं और उन्हें बताया कि उन्होंने प्रधानमंत्री पद स्वीकार न करने का फैसला किया है। राहुल ने मां के इस निर्णय का समर्थन किया और उन्हें गले लगाते हुए कहा कि यह सही फैसला है।
संसद में सोनिया ने मनमोहन सिंह का नाम आगे किया
इसके बाद कांग्रेस संसदीय दल की बैठक में सोनिया गांधी ने प्रधानमंत्री पद स्वीकार करने से इनकार कर दिया। उन्होंने डॉ. मनमोहन सिंह का नाम प्रधानमंत्री पद के लिए प्रस्तावित किया। सोनिया गांधी ने कांग्रेस संसदीय दल के नेता पद से हटने और मनमोहन सिंह को यह जिम्मेदारी सौंपने का फैसला भी किया।
किताब में वह उस पल को याद करते हुए लिखती हैं कि उनके फैसले के बाद बैठक में तालियां गूंज उठीं। कई नेता खड़े हो गए, कुछ ने नारे लगाए और कुछ की आंखों में आंसू थे। राहुल और प्रियंका भी खड़े होकर तालियां बजा रहे थे। सोनिया गांधी के मुताबिक, इसके बाद उन्होंने अपने कागज समेटे और वहां से चली गईं। उनके लिए यह पूरा घटनाक्रम एक लंबी और थकाने वाली प्रक्रिया के खत्म होने जैसा था।
मनमोहन सिंह को क्यों चुना था प्रधानमंत्री?
सोनिया गांधी ने किताब में यह भी बताया है कि उन्होंने डॉ. मनमोहन सिंह को प्रधानमंत्री पद के लिए क्यों चुना। उनके मुताबिक, मनमोहन सिंह की ईमानदारी पर कोई सवाल नहीं था और उन्हें शासन-प्रशासन की गहरी समझ थी। सोनिया को भरोसा था कि उनके नेतृत्व में देश सुरक्षित हाथों में रहेगा।
उन्होंने लिखा कि कांग्रेस में कई वरिष्ठ नेता प्रधानमंत्री पद संभालने के योग्य थे, लेकिन मनमोहन सिंह का अनुभव और उनकी साफ-सुथरी छवि उन्हें इस पद के लिए सबसे उपयुक्त बनाती थी।
सोनिया गांधी ने मनमोहन सिंह के आर्थिक अनुभव का भी उल्लेख किया। उन्होंने याद दिलाया कि 1990 के दशक की शुरुआत में तत्कालीन प्रधानमंत्री पी.वी. नरसिम्हा राव की सरकार में वित्त मंत्री रहते हुए मनमोहन सिंह ने देश में आर्थिक सुधारों की शुरुआत की थी।
सोनिया के मुताबिक, मनमोहन सिंह के नाम पर वरिष्ठ नेताओं से भी चर्चा की गई। उनके अनुभव और प्रतिष्ठा को देखते हुए किसी ने उनके नाम पर आपत्ति नहीं जताई। इसके बाद मनमोहन सिंह से निजी तौर पर पूछा गया कि क्या वह प्रधानमंत्री पद स्वीकार करेंगे। शुरुआत में उन्होंने हिचकिचाहट दिखाई, लेकिन बाद में उन्हें इसके लिए मना लिया गया।
इस तरह 2004 में सोनिया गांधी के प्रधानमंत्री पद से पीछे हटने और डॉ. मनमोहन सिंह को आगे करने का पूरा घटनाक्रम उनकी नई किताब में सामने आया है। यह संस्मरण उस समय के राजनीतिक फैसले के साथ-साथ सोनिया गांधी के निजी संघर्ष और परिवार की चिंताओं को भी सामने रखता है।
