शिमला. शिमला ग्रामीण की जनता रविवार को वीरभद्र सिंह व विक्रमादित्य सिंह से उनके सरकारी आवास में मिली. इस जनसमूह में लगभग 3000 कांग्रेस कार्यकर्ता थे. शिमला ग्रामीण की विभिन्न विभिन्न पंचायतों से आए लोगों ने विक्रमादित्य सिंह के विजय होने का विश्वास दिलाया तथा सभी कार्यकर्ताओं ने बूथ स्तर से अपने-अपने आंकड़े प्रस्तुत किए.
नेताओं ने अपने-अपने विचार प्रस्तुत किए
विभिन्न पंचायतों से आए कांग्रेस के नेताओं ने अपने-अपने विचार प्रस्तुत किए. सभी नेताओं ने विक्रमादित्य सिंह के विजयी होने का आश्वासन दिलाया. इस अवसर पर वीरभद्र सिंह ने कहा कि मैंने पिछले पांच सालों में शिमला ग्रामीण में काफी विकास करवाया है तथा आगे भी निरंतर होता रहेगा. हमने पूरे प्रदेश में विकास किया है और इसी विकास के साथ हम दोबारा कांग्रेस की सरकार बनायेंगे. पीएम मोदी ने हिमाचल में रैली पर रैली करके तथा केंद्र के सभी नेताओं को से विभिन्न रैलियां करवाई. लेकिन हमने जमीनी स्तर पर कार्य किया है वह हम जमीन से जुड़े हुए हैं.

उन्होंने आगे कहा मुझे पूरा विश्वास है कि हम पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाएंगे व विश्वास दिलाया कि यह विकास की प्रक्रिया आगे भी निरंतर चलती रहेगी. इस अवसर पर शिमला ग्रामीण से पूर्व विधायक सोहन लाल, पूर्व विधायक चिरंजीलाल शर्मा तथा शिमला ग्रामीण कांग्रेस ब्लॉक के अध्यक्ष चंद्रशेखर शर्मा तथा विभिन्न पंचायतों के प्रधान और उपप्रधान आदि उपस्थित रहे.