शिमला. देश के पहाड़ी राज्य हिमाचल प्रदेश के करीब डेढ़ दर्जन से अधिक पंचायत प्रतिनिधि विधानसभा चुनाव में राजनीतिक भविष्य तलाश रहे हैं. इनमें हमीरपुर से तीन, चंबा, मंडी से छह, कांगड़ा और ऊना से एक-एक पंचायत प्रतिनिधि इस बार चुनाव लड़ रहे हैं.
हिमाचल के दो बार मुख्यमंत्री रहे शांता कुमार, विधानसभा के उपाध्यक्ष हंसराज, ज्वालामुखी से विधायक रमेश धवाला, कांगड़ा से विधायक पवन काजल और बैजनाथ से किशोरी लाल समेत कई ऐसे चर्चित चेहरे हैं, जो पंचायत में अपनी किस्मत अजमाने के बाद विधानसभा की चौखट तक पहुंचे हैं.
कौन – कौन हैं रेस में?
भाजपा से सुजानपुर में कैप्टन रणजीत सिंह राणा और चंबा से नीलम नैयर, कांग्रेस से गगरेट विस क्षेत्र से चैतन्य शर्मा और मंडी सदर से पूर्व मंत्री कौल सिंह की बेटी चंपा ठाकुर मैदान में हैं. मंडी से पूर्व प्रधान जबना चौहान नाचन, श्रीनयनादेवी से पूर्व पंचायत प्रधान नरेंद्र ठाकुर और घुमारवीं से पूर्व नप अध्यक्ष राकेश चोपड़ा आम आदमी पार्टी से चुनाव लड़ रहे हैं. अन्य प्रतिनिधि आजाद प्रत्याशी के तौर पर मैदान में हैं.
दिलचस्प बात यह है कि अगर विधानसभा चुनाव जीतते हैं तो शहरी और पंचायतीराज संस्थाओं के ये प्रतिनिधि विधानसभा में बैठेंगे और अगर हार का सामना करना पड़ा तो वापस अपने-अपने जिला परिषद वार्ड और शहरी निकायों को संभालेंगे. फिलहाल, सभी की निगाहें अब 8 दिसंबर को होने वाली मतगणना पर टिकी हुई हैं.
विस क्षेत्र | प्रत्याशी का नाम | जिला परिषद वार्ड | पार्टी |
सुजानपुर | कैप्टन रणजीत सिंह | बगेहड़ा | भाजपा |
हमीरपुर | नरेश कुमार दर्जी | सासन | निर्दलीय |
भोरंज | पवन कुमार | भोरंज | निर्दलीय |
सदर मंडी | चंपा ठाकुर | सयोग | कांग्रेस |
जोगिंद्रनगर | कुशाल भारद्वाज | भराडू | माकपा |
सरकाघाट | मुनीष शर्मा | नबाही | निर्दलीय |
नाचन | जसवीर सिंह | महादेव | आप |
नाचन | जबना चौहान | पूर्व प्रधान | निर्दलीय |
करसोग | किशोरी लाल | सराहना | निर्दलीय |
गगरेट | चैतन्य शर्मा | भंजाल | कांग्रेस |
कांगड़ा | कुलभाष चौधरी | खोली | निर्दलीय |
चंबा | नीलम नैयर | नप अध्यक्ष | भाजपा |
चंबा | इंदिरा कपूर | पूर्व जिप | निर्दलीय |
झंडूता | राजकुमार कौंडल | पंचायत प्रधान | निर्दलीय |
श्रीनयनादेवी | नरेंद्र ठाकुर | पूर्व पंचायत प्रधान | आप |
घुमारवीं | राकेश चोपड़ा | पूर्व पंचायत प्रधान | आप |