नई दिल्ली. केरल की राजधानी तिरुवनंतपुरम में भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। बीजेपी पार्षद वीवी राजेश शुक्रवार को तिरुवनंतपुरम नगर निगम के मेयर चुने गए। यह पहला मौका है जब भगवा पार्टी का कोई नेता इस नगर निगम के मेयर पद तक पहुंचा है।
51 वोट के साथ वीवी राजेश की जीत
केरल बीजेपी के सचिव और कोडुंगनूर वार्ड से पार्षद वीवी राजेश को 51 वोट मिले। उन्हें 50 बीजेपी पार्षदों के साथ एक निर्दलीय पार्षद का भी समर्थन मिला। वहीं, लेफ्ट डेमोक्रेटिक फ्रंट (LDF) के उम्मीदवार आरपी शिवाजी को 29 वोट और यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (UDF) के केएस सबरीनाथन को 17 वोट मिले।
मेयर चुने जाने के बाद वीवी राजेश ने कहा,
“हम सबको साथ लेकर आगे बढ़ेंगे। सभी 101 वार्डों में समान रूप से विकास कार्य किए जाएंगे। तिरुवनंतपुरम को देश के विकसित शहरों में शामिल करने का लक्ष्य है।”
नगर निगम चुनाव में BJP का दबदबा
हाल ही में हुए केरल नगर निकाय चुनाव में तिरुवनंतपुरम में त्रिकोणीय मुकाबला देखने को मिला था। बीजेपी ने 50 वार्डों में जीत दर्ज कर दशकों से चली आ रही वामपंथी पकड़ को तोड़ दिया।
LDF को 29 वार्ड
कांग्रेस नेतृत्व वाले UDF को 19 वार्ड मिले
70.91% रहा मतदान
तिरुवनंतपुरम में मतदान 9 दिसंबर को केरल निकाय चुनाव के पहले चरण में हुआ था। राज्य निर्वाचन आयोग (SEC) के अनुसार, यहां 70.91 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
पीएम मोदी ने बताया ‘वाटरशेड मोमेंट’
बीजेपी की इस ऐतिहासिक जीत पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने खुशी जताई। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व में ट्विटर) पर इसे केरल की राजनीति में एक “वाटरशेड मोमेंट” बताया।
पीएम मोदी ने कहा कि बीजेपी तिरुवनंतपुरम के विकास और लोगों के जीवन को आसान बनाने के लिए लगातार काम करेगी। साथ ही उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं को धन्यवाद देते हुए कहा कि,
“केरल में पीढ़ियों से संघर्ष कर रहे कार्यकर्ताओं की मेहनत ने आज इस ऐतिहासिक नतीजे को संभव बनाया है।”
तिरुवनंतपुरम में मेयर पद पर बीजेपी की जीत को केरल की राजनीति में एक बड़े बदलाव के संकेत के रूप में देखा जा रहा है।
