नई दिल्ली. भारत की स्टार वेटलिफ्टर मीराबाई चानू ने Commonwealth Games 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए महिलाओं के 48 किलोग्राम भार वर्ग में स्वर्ण पदक जीत लिया। इसके साथ ही उन्होंने लगातार तीसरी बार कॉमनवेल्थ गेम्स में गोल्ड मेडल जीतकर नया इतिहास रच दिया। ग्लासगो में आयोजित प्रतियोगिता में चानू ने कुल 190 किलोग्राम वजन उठाकर अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी नाइजीरिया की रूथ न्यॉन्ग को 22 किलोग्राम के बड़े अंतर से पीछे छोड़ दिया।
रिकॉर्ड तोड़ प्रदर्शन से जीता स्वर्ण
मीराबाई चानू ने Snatch और Clean and Jerk दोनों स्पर्धाओं में शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने स्नैच के तीसरे प्रयास में 85 किलोग्राम वजन उठाकर नया Games Record बनाया। इसके बाद Clean and Jerk में 105 किलोग्राम वजन उठाकर एक और गेम्स रिकॉर्ड अपने नाम किया। स्नैच में 85 किलोग्राम का प्रदर्शन Championship Record भी बन गया, जबकि कुल 190 किलोग्राम वजन उठाकर उन्होंने नया Commonwealth Games Record भी स्थापित किया।
शुरुआत में चूकीं, फिर की दमदार वापसी
मीराबाई चानू अपने पहले स्नैच प्रयास में 82 किलोग्राम वजन उठाने में असफल रहीं। हालांकि, इसके बाद उन्होंने दूसरे और तीसरे प्रयास में 85 किलोग्राम सफलतापूर्वक उठाकर मुकाबले में बढ़त बना ली। Clean and Jerk में भी पहला प्रयास 105 किलोग्राम पर असफल रहा, लेकिन दूसरे प्रयास में उन्होंने यही वजन सफलतापूर्वक उठाकर स्वर्ण पदक अपने नाम कर लिया।
लगातार तीसरी बार जीता कॉमनवेल्थ गोल्ड
यह मीराबाई चानू का कॉमनवेल्थ गेम्स में लगातार तीसरा स्वर्ण पदक है। इससे पहले उन्होंने 2018 गोल्ड कोस्ट गेम्स में 48 किलोग्राम वर्ग और 2022 बर्मिंघम गेम्स में 49 किलोग्राम वर्ग में गोल्ड मेडल जीता था। ग्लासगो खेलों में यह भारत का पहला स्वर्ण पदक भी है। इससे पहले भारतीय दल के खाते में एक रजत और एक कांस्य पदक आया था।
रिषिकांत सिंह ने जीता रजत, झंडू कुमार के नाम कांस्य
इससे पहले पुरुषों के 60 किलोग्राम भार वर्ग में रिषिकांत सिंह ने भारत के लिए रजत पदक जीता। उन्होंने कुल 264 किलोग्राम वजन उठाया, जबकि मलेशिया के अनिक कसदान ने 273 किलोग्राम वजन उठाकर नया गेम्स रिकॉर्ड बनाते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया।
वहीं, 24 जुलाई को पैरा पावरलिफ्टिंग की पुरुष हैवीवेट स्पर्धा में झंडू कुमार ने कांस्य पदक जीतकर ग्लासगो खेलों में भारत का पहला पदक दिलाया। उन्होंने सफलतापूर्वक 181 किलोग्राम और 190 किलोग्राम वजन उठाकर कुल 130.9 अंक हासिल किए और पोडियम पर जगह बनाई।
