नई दिल्ली. पश्चिम एशिया में तनाव कम होने और अंतरराष्ट्रीय हालात सामान्य होने के बाद दिल्ली सरकार ने सरकारी कर्मचारियों के लिए लागू की गई दो दिन की वर्क फ्रॉम होम (Work From Home) व्यवस्था वापस ले ली है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शनिवार को घोषणा करते हुए कहा कि अब सभी अधिकारी और कर्मचारी पहले की तरह नियमित रूप से कार्यालय में काम करेंगे।
सरकार के अनुसार अब सभी सरकारी कार्यालय सुबह 10 बजे से शाम 6:30 बजे तक सामान्य समय के अनुसार संचालित होंगे और कर्मचारियों को नियमित रूप से कार्यालय आना होगा।
ईंधन बचाने के लिए लागू की गई थी व्यवस्था
दिल्ली सरकार ने यह वर्क फ्रॉम होम व्यवस्था 14 मई से लागू की थी। उस समय अमेरिका, इजरायल और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के कारण वैश्विक स्तर पर ईंधन संकट की आशंका पैदा हो गई थी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशभर में ईंधन की बचत के लिए आवश्यक कदम उठाने की अपील की थी। इसके बाद दिल्ली सरकार ने सरकारी कर्मचारियों के लिए सप्ताह में दो दिन घर से काम करने की व्यवस्था शुरू की थी, ताकि निजी वाहनों का इस्तेमाल कम हो और पेट्रोल-डीजल की खपत घटाई जा सके।
सरकार ने उठाए थे कई बड़े कदम
वर्क फ्रॉम होम के अलावा दिल्ली सरकार ने कई अन्य कदम भी उठाए थे। सरकारी वाहनों के लिए मिलने वाले पेट्रोल भत्ते में कटौती की गई थी। साथ ही अधिकारियों और कर्मचारियों को सार्वजनिक परिवहन का अधिक से अधिक इस्तेमाल करने की सलाह दी गई थी।
सरकार ने हर सोमवार को ‘मेट्रो मंडे’ के रूप में मनाने का फैसला किया था। इसके तहत मंत्रियों और सरकारी कर्मचारियों से अपील की गई थी कि वे सोमवार को निजी वाहन की बजाय दिल्ली मेट्रो से सफर करें।
इसके अलावा अलग-अलग सरकारी विभागों के कार्यालय समय में भी बदलाव किया गया था, ताकि एक ही समय पर सड़कों पर वाहनों की संख्या कम रहे और ट्रैफिक के साथ-साथ ईंधन की खपत भी घट सके।
निजी कंपनियों को भी दी गई थी सलाह
दिल्ली सरकार ने केवल सरकारी विभागों तक ही यह पहल सीमित नहीं रखी थी। निजी कंपनियों से भी अनुरोध किया गया था कि वे अपने कर्मचारियों के लिए सप्ताह में दो दिन वर्क फ्रॉम होम लागू करें।
इसके अलावा कंपनियों को अलग-अलग समय पर कार्यालय खोलने, कारपूलिंग को बढ़ावा देने और सार्वजनिक परिवहन के इस्तेमाल को प्रोत्साहित करने की सलाह भी दी गई थी। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने उस दौरान कई बैठकें कर इन उपायों को प्रभावी ढंग से लागू करने के निर्देश दिए थे।
अब सामान्य होगी कार्यालय व्यवस्था
सरकार का कहना है कि अब पश्चिम एशिया में स्थिति पहले की तुलना में काफी सामान्य हो चुकी है और ईंधन आपूर्ति को लेकर भी कोई बड़ी चिंता नहीं है। ऐसे में अस्थायी रूप से लागू किए गए सभी विशेष उपाय वापस ले लिए गए हैं।
अब दिल्ली सरकार के सभी विभाग पहले की तरह सामान्य समय पर काम करेंगे और सरकारी कर्मचारियों को नियमित रूप से कार्यालय में उपस्थित होना होगा। सरकार का मानना है कि मौजूदा परिस्थितियों में अब सामान्य कार्य व्यवस्था बहाल करना उचित है।
