NEET-UG Paper Leak विवाद और संसद में जारी गतिरोध के बीच गुरुवार को लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के नई दिल्ली स्थित आवास पर INDIA Bloc के कई वरिष्ठ नेताओं की अहम बैठक हुई। बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, सोनिया गांधी, पी. चिदंबरम, केसी वेणुगोपाल, जयराम रमेश, रेणुका चौधरी, सुप्रिया सुले, मीसा भारती, महुआ मोइत्रा, कल्याण बनर्जी समेत कई विपक्षी सांसद शामिल हुए। इस बैठक को NEET मुद्दे और संसद में विपक्ष की आगे की रणनीति से जोड़कर देखा जा रहा है।
राहुल गांधी के घर के बाहर बढ़ाई गई सुरक्षा
बैठक के दौरान राहुल गांधी के आवास के बाहर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई। इलाके में बड़ी संख्या में पुलिस बल और Rapid Action Force (RAF) की तैनाती की गई। यह इलाका केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू के आवास के भी करीब है। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विपक्ष ने केंद्र सरकार पर सवाल उठाए।
खरगे बोले- चाय पर बुलाया था
बैठक को लेकर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि राहुल गांधी ने उन्हें चाय पर बुलाया था और वे उसी निमंत्रण पर पहुंचे हैं। हालांकि राजनीतिक हलकों में इस बैठक को संसद के गतिरोध और NEET विवाद पर विपक्ष की रणनीतिक चर्चा के रूप में देखा जा रहा है।
सरकार पर विपक्ष का हमला तेज
कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने दिल्ली में भारी पुलिस तैनाती पर केंद्र सरकार की आलोचना करते हुए कहा कि राजधानी में ऐसा माहौल बना दिया गया है जैसे कोई युद्ध की स्थिति हो। वहीं कांग्रेस सांसद ज्योतिमणि सेनिमलाई ने कहा कि विपक्ष केवल नेता प्रतिपक्ष से मिलने आया है, लेकिन पूरे इलाके को सुरक्षा घेरे में ले लिया गया, जिससे सरकार की घबराहट साफ दिखाई देती है।
पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने कहा कि विपक्ष अपनी रणनीति सार्वजनिक नहीं करेगा, लेकिन लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष जारी रहेगा। वहीं रणदीप सिंह सुरजेवाला ने दोहराया कि शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा होना चाहिए।
युवाओं के मुद्दे पर विपक्ष ने दिखाई एकजुटता
आरजेडी सांसद मनोज झा ने कहा कि देशभर में युवा आंदोलन कर रहे हैं और उनकी चिंता को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। वहीं कांग्रेस सांसद रेणुका चौधरी ने कहा कि पूरा INDIA गठबंधन इस मुद्दे पर एकजुट होकर लड़ाई लड़ रहा है।
संसद में जारी है गतिरोध
संसद के दोनों सदनों में NEET Paper Leak मुद्दे पर लगातार गतिरोध बना हुआ है। विपक्ष शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे और राज्यसभा में Rule 267 के तहत चर्चा की मांग कर रहा है। दूसरी ओर केंद्र सरकार का कहना है कि वह NEET मुद्दे पर चर्चा के लिए तैयार है, लेकिन विपक्ष को किसी प्रकार की शर्त नहीं रखनी चाहिए। इसी बीच संसद परिसर के मकर द्वार पर NDA और INDIA गठबंधन के सांसदों के बीच विरोध प्रदर्शन भी देखने को मिला।
