नई दिल्ली .अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने अपनी नई इमीग्रेशन पॉलिसी का ऐलान किया है. इस पॉलिसी के तहत भारतीय लोगों समेत कई अन्य देशों के लोगों को मेरिट के आधार पर अमेरिका में ग्रीन कार्ड मिल सकता है. वहीं अगर इस पॉलिसी में रोजगार को मान्यता दे दी जाती है तो इसके तहत सबसे ज्यादा फायदा भारत के युवाओं को होगा. इससे पहले अमेरिका ग्रीन कार्ड देने के लिए लॉटरी सिस्टम को अपनाता था, जिसे ख़त्म कर पॉइंट सिस्टम लागू किया जा रहा है.
अमेरिका द्वारा किये जा रहे इस एक्ट को ‘रेज’ (RAISE) नाम दिया गया है. इसका मतलब रिफॉर्मिंग अमेरिकन इमिग्रेशन फॉर स्ट्रांग एंप्लॉयमेंट है. इस एक्ट के बाद उन भारतीयों के अमेरिका जाने का सपना आसान हो जायेगा जिन्हें अच्छी अंग्रेजी आती है और जो अपना खर्च उठाने में सक्षम हैं और अपने प्रतिभा से अमेरिकी अर्थव्यवस्था को बढ़ावा दे सकते हैं. इस सूरत में भारतीय लोग सबसे फिट बैठते हैं. अपने इस फैसले पर ट्रम्प ने कहा कि इससे गरीबी घटेगी और टैक्स देने वालों का पैसा भी बचेगा.
गौरतलब है कि ट्रंप ने सत्ता सँभालते ही एच1बी वीजा पर कड़े रुख अपनाया था, जिससे पेशेवर कामगारों को काफी दिक्कत आई थी. एच1बी वीजा ऐसे पेशेवरों के लिए जारी किया जाता है, जो खास कामों के लिए स्किल्ड होते हैं.